चौंसली–क्वारब लिंक रोड निर्माण अंतिम चरण में
मार्च अंतिम सप्ताह तक शुरू हो जायेगा यातायाता
सीएनई रिपोर्टर | अनूप सिंह जीना : अल्मोड़ा–हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पर स्थित क्वारब डेंजर जोन क्षेत्र में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से अब आम जनता को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। चौंसली से क्वारब तक बन रहा बहुप्रतीक्षित लिंक रोड अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, और इसके मार्च के अंतिम सप्ताह तक वाहनों के लिए खोल दिए जाने की संभावना है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता प्रदीप जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि लिंक रोड का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, और अब अंतिम फिनिशिंग व सुरक्षा संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक इस मार्ग पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्वारब डेंजर जोन पर पड़ने वाला भारी ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
Google Satellite आधारित स्क्रीन-मार्किंग स्केच – 👉

उन्होंने यह भी कहा कि इस लिंक मार्ग के चालू हो जाने के बाद क्वारब डेंजर जोन क्षेत्र में रखरखाव और पुनर्निर्माण कार्य निर्बाध रूप से किया जा सकेगा, जिससे भविष्य में सड़क बंद होने की समस्या में भी भारी कमी आएगी।
क्वारब डेंजर जोन: वर्षों पुरानी समस्या का समाधान
अल्मोड़ा–हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित क्वारब क्षेत्र को राज्य का सबसे संवेदनशील और खतरनाक सड़क खंड माना जाता है, जहां भूस्खलन, पहाड़ी कटाव और संकरी सड़क के कारण लगातार जाम और यातायात अवरोध बना रहता है। मानसून के दौरान यह क्षेत्र कई-कई दिनों तक बंद रहता है, जिससे आम जनता, पर्यटक और आवश्यक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होती हैं।
इसी समस्या के स्थायी समाधान के रूप में क्वारब–चौंसली लिंक रोड परियोजना को स्वीकृति दी गई थी।
₹10.23 करोड़ की लागत से बन रहा है वैकल्पिक बाईपास मार्ग
एनएच रानीखेत के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए ₹10 करोड़ 23 लाख की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड अल्मोड़ा द्वारा तैयार की गई थी। राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि से इस लिंक रोड का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराया गया है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्वारब डेंजर जोन को पूरी तरह बायपास करेगा, जिससे यातायात निर्बाध, सुरक्षित और सुगम बनेगा। विशेष रूप से भूस्खलन या सड़क धंसने की स्थिति में यह मार्ग एक मजबूत वैकल्पिक विकल्प के रूप में काम करेगा।
सीमांत जिलों के लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
इस लिंक रोड के बन जाने से अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिलों की ओर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
- यात्रा समय में भारी कमी आएगी
- बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी
- आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुगम होगी
- पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्वारब–चौंसली लिंक रोड क्षेत्रीय विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
क्वारब–चौंसली लिंक रोड का निर्माण पूर्ण होने के बाद क्वारब डेंजर जोन की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा, जिससे कुमाऊं मंडल की लाइफलाइन कही जाने वाली इस सड़क पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।

