अल्मोड़ा: वरिष्ठ रंगकर्मी और पूर्व शिक्षक जगदीश चंद्र जोशी का निधन

0
अल्मोड़ा: वरिष्ठ रंगकर्मी और पूर्व शिक्षक जगदीश चंद्र जोशी का निधन
अल्मोड़ा: वरिष्ठ रंगकर्मी और पूर्व शिक्षक जगदीश चंद्र जोशी का निधन

सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के पूर्व शिक्षक एवं वरिष्ठ रंगकर्मी जगदीश चंद्र जोशी के निधन से शिक्षा, संस्कृति और रंगमंच जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अल्मोड़ा नगर के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।


ADVERTISEMENTS

पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय जगदीश चंद्र जोशी ने अपने शिक्षण जीवन की शुरुआत राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा से की थी। इसके पश्चात उन्होंने रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं, जहाँ वे अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत रहे। अपने सरल, अनुशासित और छात्र-हितैषी स्वभाव के कारण वे विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों में समान रूप से सम्मानित थे।

शिक्षण के साथ-साथ स्व. जगदीश चंद्र जोशी का सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्हें अल्मोड़ा की ऐतिहासिक रामलीलाओं में एक कुशल मेकअप विशेषज्ञ के रूप में विशेष पहचान प्राप्त थी। रंगमंच और लोकसंस्कृति के प्रति उनका समर्पण जीवनपर्यंत बना रहा।

उन्होंने प्रसिद्ध लोकगायक स्व. मोहन उप्रेती तथा तत्कालीन लोक कलाकार संघ के साथ भी सक्रिय रूप से कार्य किया। संस्कृति एवं रंगमंच के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी स्मरणीय रहेगा।

स्व. जगदीश चंद्र जोशी का निवास रानीधारा क्षेत्र, अल्मोड़ा में था। पारिवारिक दृष्टि से भी वे एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व थे। उनके बड़े भाई वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. चंद्रशेखर जोशी रहे, जबकि पूर्व जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा दीपक जोशी उनके छोटे भाई हैं।

व्यक्तिगत जीवन में जगदीश चंद्र जोशी जी अत्यंत विनम्र, सरल और विनोदी स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से न केवल शिक्षा एवं संस्कृति जगत को, बल्कि सम्पूर्ण अल्मोड़ा नगर को गहरा आघात पहुँचा है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों, रंगकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

ADVERTISEMENTS
कैंचीधाम की भीड़ ने किया बेहाल!
दिन भर सरकते रहे वाहन
▶ पूरी खबर YouTube पर देखें