







शेराघाट में एटीएम (ATM) सुविधा उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग
जिला पंचायत सदस्य शैलजा चम्याल ने भैसियाछाना की समस्याओं को लेकर DM को ज्ञापन सौंपा। जर्जर पुलियाओं की मरम्मत, बीपीएल कार्ड सुधार और शेराघाट में एटीएम लगाने की मांग प्रमुख रही।
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। जिला पंचायत सदस्य शैलजा चम्याल ने भैसियाछाना विकासखंड की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने मुख्य रूप से क्षेत्र की जर्जर पुलियाओं के सुधारीकरण, बीपीएल राशन कार्डों में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने और शेराघाट में एटीएम (ATM) सुविधा उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है।
जर्जर पुलियाएं दे रही हैं हादसों को न्योता
शैलजा चम्याल ने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर बनी पुलियाएं देखरेख के अभाव में बदहाल हो चुकी हैं। अधिकांश पुलियाओं की सुरक्षा दीवारें और रैलिंग टूट चुकी हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इन मार्गों से रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और बीमार महिलाएं आवाजाही करते हैं।
इन प्रमुख स्थानों पर पुलिया सुधारीकरण की मांग:
- ग्राम सभा डुंगरलेख (तोक टानी) और नौगांव (काफलीखेत)।
- रौच गधेरे में बगवालीखान सिंचाई डैम के पास।
- कनारीछीना-रीम मार्ग और कनारीछीना-नौगांव (भोरगधेरा) मार्ग।
- ग्राम सभा हटौला (खुडियारी) और खांकरी (अगेरी-तिमुरी के मध्य)।
- भनलगांव व बेलवालगांव के मध्य स्थित पुलिया।
राशन कार्डों में विसंगति: पात्र लोग लाभ से वंचित
एक अन्य ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बीपीएल राशन कार्डों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई कार्डों में परिवार के सभी सदस्यों के नाम नहीं जुड़े हैं। कहीं मुखिया का नाम गायब है तो कहीं बच्चों का। इसके अलावा, कई पात्र परिवारों के कार्ड विभाग द्वारा जमा करा लिए गए हैं, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इन त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की है।
शेराघाट में एटीएम की मांग
क्षेत्रवासियों की बैंकिंग समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शेराघाट स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में हजारों खाते हैं, लेकिन वहां एटीएम की सुविधा नहीं है। वर्तमान में लोगों को 40 किमी दूर गणाई या फिर धौलछीना जाना पड़ता है। उन्होंने जनहित में जल्द से जल्द एटीएम मशीन लगवाने का आग्रह किया है।












