दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले पिता, पुत्र और चाचा गिरफ्तार

0
दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले पिता, पुत्र और चाचा गिरफ्तार
दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले पिता, पुत्र और चाचा गिरफ्तार

दुकान के आगे फड़ लगाने को लेकर हुआ था विवाद

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नगर में दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले पिता, पुत्र और चाचा को पुलिस ने मात्र एक घंटे के भीतर धर दबोचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अल्मोड़ा ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे कृत्य करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।


ADVERTISEMENTS

यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम था, जिसकी शुरुआत दुकान के आगे फड़ लगाने की अनुमति न देने से हुई थी। बीते एक सप्ताह से आरोपितों द्वारा गाली-गलौज और धमकी दी जा रही थी, जो सोमवार देर शाम चाकूबाजी की घटना में बदल गई।

क्या हुआ था? (फ्लैश बैक)

नगर के भीड़भाड़ वाले चौक बाजार में सोमवार देर शाम अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने व्यवसायी दीपक चंद्र जोशी पर चाकू से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके बड़े भाई जगदीश चंद्र जोशी को भी आरोपित ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत दोनों घायल भाइयों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

घायल दीपक जोशी की पत्नी सीमा जोशी के अनुसार, आरोपित विकास पवार (जो पहले विक्की पवार नाम से भी जाना जाता था) पिछले एक सप्ताह से उनके पति से दुकान के आगे फड़ लगाने की अनुमति देने को कह रहा था। बार-बार मना करने पर विकास पवार रंजिश रखने लगा। सीमा जोशी ने बताया कि सोमवार देर शाम विकास पवार अपने बेटे ध्रुव पवार और भाई आशुतोष पवार (तथा आशु पवार का नाम भी तहरीर में था) के साथ दुकान पर आया और फड़ लगाने देने को कहा। मना करने पर उसने दीपक जोशी पर चाकू से हमला कर दिया। दीपक की चीख सुनकर बड़े भाई जगदीश चंद्र जोशी बीच बचाव के लिए आए तो आरोपित ने उन्हें भी चाकू मारकर घायल कर दिया।

पुलिस ने एक घंटे में दबोचा

इस घटना के बाद, 13 अक्टूबर 2025 को सीमा जोशी की तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में आरोपितों विकास पवार, ध्रुव पवार, आशुतोष पवार और आशु पवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2)/118/109/351(2)/352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में, कोतवाली अल्मोड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

मुकदमा दर्ज होने के मात्र एक घंटे के भीतर, पुलिस टीम ने मुख्य आरोपित विकास पवार (42 वर्ष, पुत्र स्व रूप लाल), उसके भाई आशुतोष पवार (40 वर्ष, पुत्र स्व रूप लाल) और बेटे ध्रुव पवार (18 वर्ष, पुत्र विकास पवार) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपित लाला बाजार, अल्मोड़ा के निवासी हैं।

एसएसपी की कड़ी चेतावनी

एसएसपी अल्मोड़ा ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “इस प्रकार के कृत्य करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।”

गिरफ्तार आरोपितों में से आशुतोष पवार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें वर्ष 2024 में उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं।

ADVERTISEMENTS
CNE SPECIAL एक रहस्य, जो 89 साल बाद भी कायम है
अंतरराष्ट्रीय विशेष रिपोर्ट

Amelia Earhart Mystery: 9 लाख डॉलर खर्च, पांच दिन का समुद्री सफर और अंत में निकला पेड़ों का ढेर!

उपग्रह तस्वीरों में दिखा था विमान जैसा रहस्यमयी सुराग। जांच में क्या निकला? जानिए दुनिया की सबसे चर्चित विमानन गुत्थियों में से एक की पूरी कहानी।

पूरी खबर पढ़ें