कर्मचारी संघ ने की कार्रवाई की मांग, सेवानिवृत्त अमीन एवं ठेकेदार पर वरिष्ठ अनुरक्षक के साथ अभद्रता का आरोप
24 अक्टूबर तक कार्यालय से हटाने की मांग
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड, हल्द्वानी में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े एक मामले में नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ ने सेवानिवृत्त अमीन एवं वर्तमान में ठेकेदारी का कार्य कर रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
संघ की ओर से जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि गत 20 अक्टूबर को गौला पार स्थित पर्वत जंग पब्लिक स्कूल में तैनात वरिष्ठ अनुरक्षक अर्गी आलम के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। संघ ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए संबंधित व्यक्ति को 24 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय में अमीन के कार्य से हटाने का अनुरोध किया है।
वरिष्ठ अनुरक्षक के पत्र के आधार पर उठाया मामला
नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ की ओर से बुद्धवार को निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता को संबोधित पत्र जारी किया गया। पत्र का विषय आरोपी अमीन/ठेकेदार द्वारा कथित गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार से संबंधित है।
संघ के पत्र के अनुसार गाली—गलौज के आरोपी सेवानिवृत्त अमीन और वर्तमान में खंड में अमीन के कार्य के साथ-साथ ठेकेदारी का कार्य भी कर रहे हैं। पत्र में बताया गया है कि 20 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 58 मिनट पर हल्द्वानी के गौला पार स्थित एक पब्लिक स्कूल की साइट पर तैनात वरिष्ठ अनुरक्षक अर्गी आलम के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना से कर्मचारी का मनोबल प्रभावित होने का दावा
संघ ने अपने पत्र में कहा है कि कथित घटना से वरिष्ठ अनुरक्षक को गहरा आघात पहुंचा है और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हुआ है। पत्र के अनुसार, फील्ड में तैनात कर्मचारियों के बीच इस मामले को लेकर रोष व्याप्त है।
संघ ने प्रकरण को गंभीर बताते हुए विभागीय स्तर पर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

आपात बैठक में लिया गया निर्णय
पत्र में उल्लेख है कि घटना के बाद संघ भवन में एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आरोपी जो वर्तमान में कार्यालय में अमीन का कार्य कर रहे हैं, को 24 अक्टूबर 2026 तक उक्त कार्य से हटाया जाए।
संघ ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि कुमाऊं मंडल, उत्तराखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष/मंत्री तथा नैनीताल के जनपद अध्यक्ष/मंत्री को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने का उल्लेख है।
विभागीय कार्रवाई पर रहेगी नजर
इस मामले में अब विभागीय अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। आरोपों की निष्पक्ष जांच, संबंधित पक्षों का बयान और तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाना आवश्यक है। फिलहाल उपलब्ध दस्तावेज कर्मचारी संघ की ओर से लगाए गए आरोपों और उसकी मांग को सामने रखता है। संबंधित व्यक्ति तथा विभागीय अधिकारियों का पक्ष उपलब्ध होने पर मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Amelia Earhart Mystery: 9 लाख डॉलर खर्च, पांच दिन का समुद्री सफर और अंत में निकला पेड़ों का ढेर!
उपग्रह तस्वीरों में दिखा था विमान जैसा रहस्यमयी सुराग। जांच में क्या निकला? जानिए दुनिया की सबसे चर्चित विमानन गुत्थियों में से एक की पूरी कहानी।
पूरी खबर पढ़ें








