थानाध्यक्ष शैंकी कुमार निलंबित, मुकदमा दर्ज – जानिए पूरा मामला
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड पर रविवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना और नशे में धुत थानाध्यक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में राजपुर थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष शैंकी कुमार नशे की हालत में कई वाहनों को टक्कर मारते दिखाई दिए। इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष शैंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश भी जारी कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे राजपुर क्षेत्र में थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने नशे की हालत में अपनी कार से एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी थानाध्यक्ष मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान कई लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यहां देखिए, नशे में धुत थानाध्यक्ष का वायरल वीडियो —
वायरल वीडियो से खुली पोल
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि थानाध्यक्ष शैंकी नशे की हालत में कुर्सी पर बैठे हैं और चलने तक की स्थिति में नहीं थे। जब वे वहां से जाने की कोशिश करने लगे तो लोग उन्हें घेरकर सवाल करने लगे। मौके पर पहुंचे चीता पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए।
एसएसपी का सख्त संदेश – “कानून सबके लिए बराबर”
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने थानाध्यक्ष शैंकी को निलंबित करने के साथ ही राजपुर थाने में ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके साथ ही एसपी सिटी देहरादून को पूरे मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि “कानून सबके लिए बराबर है। चाहे कोई आम नागरिक हो या सरकारी कर्मचारी, किसी को भी कानून से छूट नहीं मिलेगी।”
नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति
निलंबित शैंकी कुमार की जगह कालसी थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल को राजपुर थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एसपी सिटी को निर्देशित किया गया है कि पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित सभी साक्ष्य जुटाकर निष्पक्ष जांच की जाए।
यह भी पढ़ें — अल्मोड़ा—हल्द्वानी हवाई सेवा शुरू

