सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश और अल्मोड़ा का नाम रोशन करने वाले युवा एथलीट अखिलेश सिंह का आज उनके पुराने स्कूल, स्प्रिंग डेल्स में शानदार स्वागत किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में अखिलेश को सम्मानित कर छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाया गया।

सुबह 10:30 बजे, चौहानबाटा से स्प्रिंग डेल्स स्कूल तक एक जोशपूर्ण रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों ने अपने आदर्श खिलाड़ी का फूलों और प्रेरक नारों के साथ स्वागत किया। इसके बाद, स्कूल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहाँ बच्चों ने देशभक्ति और स्वागत गीत प्रस्तुत किए।
छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत
छात्रों ने उत्साह के साथ अखिलेश से उनकी सफलता और संघर्ष के बारे में सवाल किए। इस दौरान, प्रधानाचार्या ज्योत्सना सोहनलाल ने अखिलेश की मेहनत की सराहना करते हुए कहा, “अखिलेश ने न सिर्फ अल्मोड़ा, बल्कि पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि हमारे सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणा है।”
अखिलेश ने दिया सफलता का श्रेय
अपने संबोधन में अखिलेश सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, बहन, शिक्षकों और विशेष रूप से स्प्रिंग डेल्स स्कूल को दिया। उन्होंने कहा, “इस मुकाम तक पहुँचने में मेरे परिवार और इस स्कूल का बहुत बड़ा योगदान है, जिसने हमेशा मेरा साथ दिया।”
इस सम्मान समारोह में अखिलेश सिंह के कोच विक्रम और वंदना भंडारी, उनके पिता, सुशील सोहनलाल और स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद था। यह आयोजन बच्चों को यह संदेश देने वाला था कि सच्ची मेहनत और लगन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि स्प्रिंग डेल्स स्कूल के छात्र अखिलेश सिंह ने हाल में मलेशिया में हुई 13 वीं एशियन जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है।

