सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की मतगणना के लिए नैनीताल जिला पूरी तरह से तैयार है। प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा कल 31 जुलाई को खुलेगा। वेबसाइट पर भी नतीजे जारी होंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की मतगणना के लिए नैनीताल जिला पूरी तरह से तैयार है। गुरुवार को होने वाली मतगणना से पहले, आज मतगणना कार्मिकों का तृतीय रैंडमाइजेशन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना और राज्य निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों-विनीत तोमर, जय किशन, शिव चरण द्विवेदी, ब्रजमोहन सिंह रावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस प्रक्रिया के तहत, सभी आठों विकास खंडों में मतगणना के लिए तैनात किए गए 1580 कार्मिकों (316 सुपरवाइजर और 1264 मतगणना सहायक) को विकास खंडवार टेबल आवंटित कर दिए गए हैं।

कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
जिले के सभी आठों विकास खंडों में गुरुवार, 31 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की मतगणना संपन्न होगी। मतगणना कार्मिकों को कल सुबह 6 बजे संबंधित विकास खंडों में बनाए गए मतगणना हॉल में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना ठीक सुबह 8 बजे प्रारंभ होगी और इसे दो पालियों में संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए उसी अनुसार कार्मिकों की तैनाती की गई है। प्रत्येक टेबल पर चार मतगणना सहायक और एक सुपरवाइजर तैनात रहेंगे।
निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर
जिलाधिकारी वंदना ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने पर बधाई देते हुए मतगणना कार्य को भी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि मतगणना ठीक 8 बजे शुरू हो जानी चाहिए ताकि प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी मतगणना कार्मिक समय पर मतगणना हॉल में पहुँच जाएँ।
मतगणना स्थल पर विशेष इंतजाम
मतगणना स्थल से बाहर उपस्थित लोगों को परिणामों की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सूचना प्रसारित की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुए मतगणना कार्य को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाएगा। सभी मतगणना स्थलों पर एक एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम भी तैनात रहेगी, साथ ही पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
मोबाइल फोन वर्जित, कड़ी सुरक्षा
मतगणना हॉल के भीतर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा और सभी के मोबाइल फोन मतगणना स्थल से बाहर जमा करा लिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सात विकास खंडों में उप जिलाधिकारी और विकास खंड धारी में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी तैनात रहेंगे।
129 गणना टेबल लगाई गईं
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आठों विकास खंडों हेतु कुल 129 गणना टेबल लगाई गई हैं, जिनमें रामनगर में 20, हल्द्वानी में 28, धारी, ओखलकांडा, भीमताल, कोटाबाग और बेतालघाट में 14-14, तथा रामगढ़ में 11 गणना टेबल शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीपी जायसवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।

