सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए छपे मतपत्रों में से शेष मतपत्रों को मतगणना से पहले डबल लॉक में अकाउंट बनाकर बंद किये जाने की मांग उठाई है।
भोज ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में दो चरणों में मतदान हुआ है और 31 जुलाई को मतगणना होनी है। उन्होंने कहा है कि पंचायत चुनाव के लिए छपे कुछ मत पत्र पोलिंग पार्टियों को नहीं दिए गए बल्कि रिटर्निंग ऑफिसर तथा जिले के प्रभारी निर्वाचन अधिकारी के पास अवशेष बचे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि उन सभी अवशेष मतपत्रों को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतगणना से पहले डबल लॉक में अकाउंट बनाकर बंद किया जाए तथा इस अकाउंट की प्रतिलिपि राजनैतिक पार्टियों को दी जाए। जिसमें मतपत्रों का पूर्ण विवरण हो। साथ ही मांग की है कि जिस प्रिंटिंग प्रेस में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतपत्रों की छपाई का कार्य हुआ, मतगणना पूर्ण होने तक उसकी कड़ी निगरानी रखी जाए।


