✍️ कार्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन, डीएम ने आनलाइन बैठक में दिए निर्देश
✍️ चेतावनी: लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद अब 28 जुलाई को दूसरे चरण के मतदान के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आलोक कुमार पांडेय ने संबंधित अधिकारियों की शनिवार को आनलाइन बैठक ली और तैयारियों पर चर्चा करते हुए तत्संबंधी कड़े निर्देश दिए। वहीं शनिवार को मतदान कार्मिकों का तृतीय रैंडमाइजेशन करते हुए 3485 कार्मिकों को ड्यूटी आवंटित हुई।
आनलाइन बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर और ज़ोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति की जांच कर लें और कहीं कोई समस्या आने पर उसका शीघ्र समाधान कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान से पूर्व सभी बूथों की अवस्थिति दुरुस्त कर ली जाए, ताकि चुनाव के दिन किसी भी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे। उन्होंने चेतावनी भी दी कि लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कहीं से भी शिकायत मिली, तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने सड़क मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर चेकिंग सुनिश्चित करें। बैठक में सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, डीडीओ संतोष कुमार पंत, सहायक सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार सहित रिटर्निंग ऑफिसर्स, ज़ोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा ज़ोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
——————
दूसरे चरण में 3485 कार्मिकों की ड्यूटी
अल्मोड़ा: शनिवार को जिले में दूसरे चरण के मतदान के लिए कार्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन किया गया और 3485 कार्मिकों को ड्यूटी आवंटित की गई।तृतीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडे की मौजूदगी में संपन्न हुई। मालूम हो कि दूसरे चरण में जिले के 5 ब्लाकों सल्ट, स्याल्दे, द्वाराहाट, हवालबाग व भिकियासैंण में मतदान होगा। जहां मतदान के लिए कुल 632 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है। इनके अलावा 65 पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए
———————

