👉 एसएसपी ने भतरौजखान पहुंचकर चुनावों से संबंधित समीक्षा बैठक ली
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: एसएसपी देवेंद्र पींचा ने रविवार को भतरौंजखान थाने में पहुंचकर भतरौंजखान, सल्ट व देघाट थाना क्षेत्रों की बैठक ली। इसमें खासकर आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों को सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान चलाने समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपराधिक व संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी निगाह रखी जाए और अधिकाधिक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। इस दौरानों उन्होंने उक्त तीनों थानों के विवेचकों की विवेचनाओं, निरोधात्मक कार्यवाही, शिकायती प्रार्थना पत्रों की जांच आदि की विस्तृत समीक्षा की। सभी अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए विवेचनाओं में और अधिक गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने के निर्देश दिये।
बैठक में सीओ रानीखेत विमल प्रसाद, थानाध्यक्ष भतरौंजखान सुशील कुमार, थानाध्यक्ष सल्ट प्रमोद पाठक, थानाध्यक्ष देघाट दिनेश नाथ महंत व चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, उप निरीक्षक कमित जोशी, अपर उप निरीक्षक मोहन चन्द्र समेत अन्य उपस्थित रहे।

