क्वारब पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
प्रतिबंध के बावजूद कैसे क्वारब पुल पार कर रहे कई भारी मालवाहक !
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। क्वारब डेंजर जोन में तमाम खतरों प्रशासनिक आदेश को धता बताते हुए लोडेड वाहन यहां से निकलने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तमाम ट्रकों—डंपरों पर क्वारब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गत दिवस क्वारब पुलिस ने ऐसे 9 डंपरों का चालान किया, जो खैरना पुलिस से झूठ बोलकर क्वारब के रास्ते अल्मोड़ा निकलने के प्रयास में थे।

उल्लेखनीय है कि क्वारब में, राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर क्वारब पुल के पास भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। यहां सड़क दुर्घटना से सुरक्षा के दृष्टिगत गत 29 जून से भारी वाहनों की आवाजाही इस पुल से प्रतिबंधित कर दी गई थी।
नए यातायात नियमों के तहत बागेश्वर, कौसानी, सोमेश्वर से हल्द्वानी को जाने वाले भारी माल वाहक वाहन कोसी से मजखाली, रानीखेत होते हुए हल्द्वानी को जाने का आदेश है। पिथौरागढ़, धौलछीना, दन्या से हल्द्वानी को जाने वाले भारी माल वाहक वाहनों के लिए बाड़ेछीना, दन्या, सुवाखान, लमगड़ा से शहरफाटक होते हुए हल्द्वानी को जाने का मार्ग निर्धारित है।
अल्मोड़ा से हल्द्वानी को जाने वाले भारी माल वाहक वाहन बेस तिराहा, पाण्डेखोला, कोसी वाया रानीखेत होते हुए या सिकुड़ाबैण्ड, लमगड़ा वाया शहरफाटक होते हुए हल्द्वानी को जाने को कहा गया था। हालांकि छोटे वाहन टेक्सी, कार आदि के आवागमन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये सभी वाहन पूर्व की तरह इस मार्ग से आवागमन कर रहे हैं।

तो क्या चोरी—छिपे गुजर रहे कई मालवाहक वाहन !
इस पुल पर वाहनों के दबाव को कम करने के लिए अल्मोड़ा जिले में आने जाने वाले भारी माल वाहक वाहनों के आवागमन अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित किया गया था। अब तक अग्रिम आदेश तो जारी नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरी—छिपे कई माल वाहकों के यहां से गुजर रहे हैं। इस संबंध में रात का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पुलिस की शय के यह संभव नहीं कि कोई मालवाहक यहां से निकल जाये।
क्वारब पुलिस की सराहनी पहल
इधर अल्मोड़ा के लिए मालवाहक गुजरने की सूचना पर क्वारब पुलिस एक्शन मोड में आ गइ है। गत दिवस क्वारब चौकी इंचार्ज गोविंदी टम्टा द्वारा क्वारब क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान होटल व ढाबों में सघन चेकिंग हुई 20 होटलों का 5 हजार रूपये का चालान पुलिस एक्ट में किया गया।
खैरना पुलिस को झूठ बोलकर अल्मोड़ा जाने का प्रयास
वहीं, खैरना पुलिस से झूठ बोलकर आए 9 डंपरों का 4500 रुपये का एम.वी. एक्ट में चालान किया गया। ये डंपर अल्मोड़ा जा रहे थे। चौकी इंचार्ज के साथ कांस्टेबल आनंद राणा, गोपाल बिष्ट, विजय आगरी भी मौजूद थे। चौकी इंचार्ज का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि चालान के बाद डंपरों को वापस भेजा जा रहा है। नैनीताल पुलिस अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन कर रही है।
खतरे को समझना होगा
बताना चाहेंगे कि क्वारब पुल के पास पहाड़ी की तरफ लगभग 200 मीटर लंबा भूस्खलन जोन बन गया है। मानसून सीजन में खतरा बहुत ज्यादा है। हालांकि यहां पहाड़ी के ट्रीटमेंट का काम युद्ध स्तर पर जारी है। उम्मीद है कि बहुत जल्द समस्या का समाधान हो जायेगा, लेकिन मौजूदा हालात ऐसे नहीं हैं कि यहां से भारी मालवाहक वाहनों को गुजरने की
अनुमति दी जाये।


