चमोली जिले में बादल फटा, थराली व केरा गांव में भारी नुकसान

0

Uttarakhand News | उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार रात से शुरू हुई भारी बारिश ने जिले के थराली, नंदानगर और पीपलकोटी क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई।


ADVERTISEMENTS

यहां सोल घाटी में देर रात बादल फटने से थराली गांव और केरा गांव में भारी नुकसान हुआ है। दोनों गांवों में कई मकान, दुकानें और गौशालाएं मलबे में दब गए हैं। लोगों ने आधी रात को घर से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पीपलकोटी, गडोरा और ढाढर बगड़ में भी कई मकान मलबे में दब गए हैं। नदियों के साथ ही गाड गदेरे उफान पर बह रहे हैं। सबसे अधिक नुकसान थराली में हुआ है। कई जगह छोटे पुलों को भी नुकसान हुआ है।

क्षेत्र में अभी भी बारिश हो रही है, जिससे लोग दहशत में हैं। प्राणमति नदी के उफान पर आने से रतगांव को जोड़ने वाला वैली ब्रीज और थराली गांव को कोटडीप से जोड़ने वाला आरसीसी ब्रिज भी टूट गया है। सोल घाटी मोटर मार्ग का लगभग 50 मीटर हिस्सा भी बह गया है जिससे ब्लॉक मुख्यालय थराली से सोल घाटी का संपर्क कट गया है।

पीपलकोटी में नगर पंचायत का दफ्तर और आसपास के आवासीय भवन मलबे में दब गए हैं। कई वाहन में मलबे में दबे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल ने बताया कि मकानों को खाली कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पीपलकोटी के गडोरा में बदरीनाथ हाईवे पर भी भारी मात्रा में मलबा आ गया है। मलबे में कुछ वाहन दबे हैं। चमोली तहसील के कौंज पाथनी गांव में तीन गौशालाएं मलबे में दब गई है। इन गौशालाओं में कई मवेशी थे।

डीएम ने ली मौजूदा स्थिति की जानकारी

चमोली जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने सोमवार को आपदा कन्ट्रोल रूम से जनपद में अतिवृष्टि से हुई क्षति और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि बारिश के कारण जिन स्थानों पर नुकसान हुआ है वहां तत्काल राहत पहुंचाई जाए। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करते हुए भोजन, पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यन्न, विद्युत, पेयजल, सड़क एवं संपर्क मार्गो को शीघ्र सुचारू करें। लोनिवि को रतगांव मोटर मार्ग पर तत्काल वैलीब्रिज बनाने के निर्देश दिए। बद्रीनाथ हाईवे कई स्थानों पर बाधित होने और हाईवे पर भूस्खलन के संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा पर तत्काल रोक लगाते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश भी दिए।

बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव पर भाजपा ने घोषित किया प्रत्याशी Click Now
आई फ्लू के लक्षण, पढ़ें इसमें क्या करें क्या ना करें Click Now
ADVERTISEMENTS