Tillu Murder: कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की जेल में निर्मम हत्या

Gangster Tillu Tajpuriya killed inside Delhi's Tihar jail
कुख्यात बदमाश जितेंद्र गोगी की हत्या में शामिल रहे गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया उर्फ सुनील मान की तिहाड़ जेल के भीतर हत्या हो गई है। जेल में ही बंद एक अन्य बदमाश ने लोहे की छड़ से इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
आज राजधानी दिल्ली में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू के मर्डर की खबर सोशल मीडिया में वायरल हुई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार हत्या आरोपी बदमाश ने लोहे के छड़ को टिल्लू के पेट में घोंप दिया। जिसके बाद गंभीर हालत में टिल्लू को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी का नाम योगेश टुंडा है। वह बैरेक नंबर 08 में बंद था। वहीं टिल्लू नंबर 09 में था। इस हत्याकांड में टुंडा के साथ एक अन्य कैदी दीपक तीतर भी शामिल था। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में सुबह 6.30 बजे टिल्लू की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानिए कौन था गैंगस्टर टिल्लू
टिल्लू का दिल्ली—हरियाणा सहित कई राज्यों में सिक्का चलता था। उस पर हत्या, अवैध कब्जे और जबरन वसूली सहित दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं। यह टिल्लू सबसे अधिक चर्चा में बदमाश जितेंद्र गोगी हत्याकांड के बाद आया। बताया जाता है कि टिल्लू और जितेंद्र गोगी कॉलेज में अच्छे दोस्त थे। पर छात्र संघ चुनाव के दौरान दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं। दोनों एक दूसरे से हर मोर्चे पर टकराने लगे।
गोगी को उतारा था मौत के घाट
2021 में रोहिणी कोर्ट में दिल्ली के नामी बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया का नाम सामने आया था। बताया जाता है कि रोहिणी कोर्ट संख्या 207 में जितेंद्र उर्फ गोगी ने जैसे ही प्रवेश किया। हमलावरों ने तबातोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली गोगी की पीठ पर लगी। गोगी ने जैसे ही पीछे घूमकर हमलावरों की तरफ देखा तो फिर उसके सीने पर घड़ाधड़ गोलियां बरसा दी गईं। इसी वक्त वहां मौजूद एक कमांडो ने जवाबी कार्रवाई में हमलावरों पर गोलियां बरसा वहीं ढेर कर दिया। पता चला कि हमलावर टिल्लू गैंग के सदस्य थे।