HomeUttarakhandAlmoraAlmora Special: जीवनदायिनी कोसी के 51 किमी दायरे से निकाला 28 टन...

Almora Special: जीवनदायिनी कोसी के 51 किमी दायरे से निकाला 28 टन कूड़ा

ADVERTISEMENTSAd

— सफल रहा जिला प्रशासन का ‘कोसी स्वच्छता महाभियान’
— नदी से सटे गांवों तक पहुंचाया ‘स्वच्छ कोसी’ का संदेश
— डीएम, सीडीओ, एसएसपी, डीडीओ भी सफाई में जुटे रहे

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
जिला प्रशासन की जीवनदायिनी कोसी नदी की स्वच्छता के लिए आज चला महाभियान सफल रहा। पूरे 51 किमी तक कोसी नदी के दोनों छोरों की तरफ कूड़ा—कचरा हटाया और कुल 28 टन कूड़ा निस्तारित किया गया। साथ ही कोसी नदी से सटे गांवों के ग्रामीणों तक ‘स्वच्छ व निर्मल कोसी’ का संदेश पहुंचाने में यह वृहद कार्यक्रम सफल रहा।

स्वयं सफाई में जुटी अल्मोड़ा की जिलाधिकारी वंदना।

तय कार्यक्रम के अनुसार आज कोसी नदी में वृहद स्वच्छता अभियान की शुरुआत कोसी बाजार के करीब नदी तट पर जिलाधिकारी वंदना ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को शपथ दिलाकर की। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक दिनी अभियान प्राणदायिनी कोसी नदी की स्वच्छता तथा लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह बड़े स्तर का स्वच्छता अभियान है, जिससे लोग प्रेरणा जरूर लेंगे तथा कोसी नदी सहित अन्य नदियों को भी स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान जरूर देंगे।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग बबीता भाकुनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। स्वच्छता अभियान में पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय ने भी सफाई में हाथ बटाया और लोगों से अपील की है कि सभी अपना कूड़ा निर्धारित स्थल पर ही डालें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से प्रेरणा लेकर लोग अपने स्तर पर इसे लगातार जारी रखेंगे।

पूरे अभियान के दौरान जिलाधिकारी वंदना ने कोसी सफाई अभियान के लिए बने सेक्टरों का भ्रमण किया तथा स्वच्छता अभियान के संचालन का निरीक्षण करते हुए स्वयं भी स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों ने स्वच्छता अभियान में भारी उत्साह से कार्य किया। जिलाधिकारी ने कोसी बैराज क्षेत्र में पहुंचकर नदी किनारे जमा कूड़े को एकत्र किया तथा अभियान में लगे हुए सभी स्वयंसेवकों के कार्य की सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी अंशुल सिंह ने भी स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया तथा उन्होंने स्वयं भी कूड़ा एकत्रित कर लोगों से नदियों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने मनान गांव में पहुंचकर पुल के नीचे पड़े हुए कूड़े के ढेर को हटाने में स्वयं भी हाथ बटाया तथा सभी जुटे हुए स्वयं सेवकों के कार्यों की सराहना की। स्वच्छता अभियान में लगे हुए स्कूली बच्चों ने कोसी नदी के निकटवर्ती व्यापारियों एवं निवासियों से नदी की स्वच्छता को बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही अभियान से प्रेरित होकर स्थानीय लोगों ने भी इस महाअभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। करीब साढ़े चार हजार के आसपास लोग इस एक दिनी महाभियान के गवाह बने।

जनपद के अंतर्गत कोसी नदी के 51 किमी में (कांटली से क्वारब तक) यह स्वच्छता अभियान चला। पूरे क्षेत्र को 31 जोन तथा नदी के दाईं एवं बाएं ओर 62 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। साथ ही सभी 62 सेक्टरों के लिए 62 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए थे। स्वच्छता अभियान में लगे हुए सभी स्वयं सेवकों के लिए जिला प्रशासन द्वारा लंच पैकेट, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा किट, सफाई करने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। अभियान में लगभग 28 टन कूड़ा एकत्रित किया गया। इस सफाई अभियान में सभी स्थानों से एकत्र हुये कूड़े को नगर पालिका अल्मोड़ा व नगर पंचायत द्वारा निर्धारित वाहन के माध्यम से चयनित स्थान पर निस्तारित किया गया। इस सफाई अभियान में पुलिस विभाग द्वारा यातायात व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। जिसमें पुलिस, फायर टीम, एंबुलेंस, चिकित्सा टीम, एसडीआरएफ तथा एसएसबी के जवान मुस्तैद रहे। सूचना के आदान प्रदान की सुलभता के लिए कोसी बैराज में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments