HomeCNE Specialउत्तराखंड : कोविड—19 के केंद्र बने अस्पताल में 05 महीने की बच्ची...

उत्तराखंड : कोविड—19 के केंद्र बने अस्पताल में 05 महीने की बच्ची ने दी मौत को मात, लाखों में किसी एक बच्चे को होती है ऐसी बीमारी, पढ़िये पूरी ख़बर…..

ADVERTISEMENTSAd

ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ऋषिकेश) के हृदय रोग शिशु शल्य चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों ने एक पांच महीने की बच्ची की सफलतापूर्वक जटिल सर्जरी को अंजाम दिया है। जिसमें विभाग के पीडियाट्रिक कॉर्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. अनीष गुप्ता ने देहरादून निवासी 5 महीने की एक बच्ची का सफल ऑपरेशन करके उसे जीने की नई उम्मीद दी।

आधा ही विकसित हुआ था बच्ची का दिल, यह होती थी परेशानियां
महज 4.5 किलोग्राम की यह बच्ची दिल की एक जटिल समस्या (जिसमें उसका दिल सिर्फ आधा की विकसित हुआ था) से जूझ रही थी, जिससे उसके खून में बार- बार ऑक्सीजन का स्तर गिर जाता था और बच्ची नीली पड़ जाती थी। चिकित्सकों के अनुसार यह बीमारी लाखों में से किसी एक बच्चे को होती है।

इलाज के लिए दर—दर भटकते रहे अभिभावक
ऐसे में जब पूरा देश कोविड 19 महामारी से जूझ रहा है, तब इस बच्ची के अभिभावक दिल्ली के कई नामचीन सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में उसके इलाज के लिए भटक रहे थे, मगर पैसे व सुविधा दोनों की कमी के कारण वह नाउम्मीद हो गए थे। ऐसे में एम्स ऋषिकेश जो सदैव मरीजों की सेवा के लिए तत्पर है इस बच्ची के लिए उम्मीद की किरण बन गया।

कोविड 19 का मुख्य केंद्र है यह अस्पताल
एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत जी ने बताया कि हमारा अस्पताल कोविड 19 का मुख्य केंद्र तो है ही, हम इस जिम्मेदारी को भी बखूबी निभाते हुए दूसरी बीमारियों के गंभीर मरीजों का भी प्राथमिकता से इलाज कर रहे हैं। निदेशक एम्स पद्मश्री प्रो. रवि कांत जी ने बताया कि हमारी कोशिश है कि एम्स अस्पताल में आने वाला कोई भी मरीज पैसे अथवा संसाधनों की कमी से अपनी जान न गंवाए।

ऐसे हुई यह जटिल सर्जरी
इस अवसर पर इस जटिल सर्जरी को अंजाम देने वाले डा. अनीष गुप्ता ने बताया कि अक्सर इस तरह की बीमारी से ग्रसित बच्चे ऑपरेशन से पहले ही दम तोड़ देते हैं। मगर हमने 15 जून को इस बच्ची के अस्पताल में पहुंचते ही ऑपरेशन किया। उन्होंने बताया कि 4 घंटे की जटिल सर्जरी के बाद बच्ची को दो दिन तक आईसीयू में रखा गया तथा 18 जून (बृहस्पतिवार) को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है और दूध पी रही है।

इस जटिल सर्जरी को अंजाम देने में विभाग के शल्य चिकित्सक डा. राजा लाहिरी ने उनका सहयोग किया। साथ ही निश्चेतना विभाग से डा. अजय मिश्रा व उनकी टीम ने ऑपरेशन के दौरान व आईसीयू में मुस्तैदी से मोर्चा संभाला। वरिष्ठ अनुभवी नर्सिंग ऑफिसर केशव दास ने अपने सहयोगी धर्मचंद के साथ ऑपरेशन में नर्स की भूमिका निभाई। वर्तमान में बच्ची की देखभाल शिशु हृदय रोग चिकित्सक डा. यश श्रीवास्तव की देखरेख में हो रही है।

बहुत जल्द होगा विस्तारीकरण
सीटीवीएस विभागाध्यक्ष डा. नम्रता गौर ने बताया कि बहुत जल्द विभाग का विस्तारीकरण किया जा रहा है और इससे शिशु एवं वयस्क दोनों तरह के दिल के रोगियों का दो ओटी में एकसाथ ऑपरेशन किया जा सकेगा और मरीजों को अपनी सर्जरी के लिए इंतजार नहीं करना होगा। इससे उत्तराखंड के साथ साथ समीपवर्ती राज्यों के मरीजों को भी सहूलियत मिलेगी।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments