सीएनई रिपोर्टर, भवाली (नैनीताल)। खैरना बाजार में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हल्द्वानी की ओर जा रही टैक्सी बोलेरो ने खैरना बाजार में पोस्ट ऑफिस के पास सड़क किनारे मौजूद महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK13TA0615 टैक्सी बोलेरो को खिलाफ सिंह पुत्र चामू सिंह, निवासी सुराग, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर चला रहा था। वाहन हल्द्वानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान खैरना बाजार, पोस्ट ऑफिस के पास सड़क पर मौजूद सावित्री देवी, पत्नी स्वर्गीय पदम सिंह, निवासी खैरना बाजार, पोस्ट ऑफिस के पास, थाना भवाली, नैनीताल, को बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक उन्हें अपने ही वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लेकर पहुंचा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सावित्री देवी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका की उम्र 75 वर्ष बताई गई है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।









