पुलिस कर रही मामले की जांच
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। बागेश्वर जिले में एक 62 वर्षीय टैक्सी चालक की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। घर पर तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान खुना वलना निवासी किशन राम पुत्र दीवान राम के रूप में हुई है। किशन राम लंबे समय तक टैक्सी चालक के रूप में कार्य करते रहे और इसी व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम उन्होंने अपने घर पर अज्ञात कारणों से कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।
‘दादा बार-बार मरने की बात कह रहे थे’, पोती ने परिजनों को दी जानकारी
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले किशन राम की पोती ने घरवालों को बताया कि उनके दादा लगातार मरने की बात कह रहे थे। इसके बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत अत्यधिक गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया ने बताया कि मरीज को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने के कारणों की जांच कर रही है।
किशन राम अपने पीछे दो बेटे, चार बेटियां तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।



