HomeUttarakhandAlmoraसराहनीय: विकास पंत ने रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज को दिए अहम संसाधन

सराहनीय: विकास पंत ने रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज को दिए अहम संसाधन

एनसीसी कैडेट्स को मिली नई सुविधाएं

सीएनई संवाददाता, रानीखेत। रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र एवं समाजसेवी विकास पंत ने एक बार फिर विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए एनसीसी कैडेट्स के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए हैं। उनके सहयोग से विद्यालय के एनसीसी कक्ष में वाटर फिल्टर, कुर्सियां, दरी सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के हित में अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए विकास पंत के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ADVERTISEMENTSAd

विद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट गौरव भट्ट तथा फर्स्ट ऑफिसर अजय चंद्रा ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स के लिए उपलब्ध कराए गए संसाधनों से प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। उन्होंने विकास पंत के इस सहयोग के लिए उनका विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

विकास पंत मूल रूप से हल्द्वानी के निवासी हैं, जबकि उनकी संपूर्ण शिक्षा नैनीताल में हुई है। उनके पिता नैनीताल नगर पालिका में प्रशासनिक अधिकारी तथा माता राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत रही हैं। वर्तमान में विकास पंत गुरुग्राम में EnerG Linkage के को-फाउंडर एवं सीएससीओ (CSCO) तथा Routeway Freight Solutions में वाइस प्रेसिडेंट के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इस अवसर पर विकास पंत ने कहा कि रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज क्षेत्र की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने ऐसी सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया है, जिसका लाभ केवल एनसीसी कैडेट्स ही नहीं, बल्कि विद्यालय के अन्य कार्यक्रमों में भी सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिल सके।

उन्होंने हाल ही में विद्यालय से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर में चयनित छात्र गौरव को भी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

सांस्कृतिक समिति रानीखेत के अध्यक्ष विमल सती ने विकास पंत के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका सहयोग विद्यालय और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विकास पंत इसी प्रकार विद्यालय के विकास और छात्र-छात्राओं के हित में अपना योगदान देते रहेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमंत कुमार अग्रवाल ने बताया कि विकास पंत पिछले कई वर्षों से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की आर्थिक सहायता प्रदान करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विकास पंत विद्यालय की एक मेधावी छात्रा की सभी शैक्षणिक आवश्यकताओं का पूरा खर्च वहन कर रहे हैं तथा उसकी उच्च शिक्षा के लिए भी सहयोग देने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही भविष्य में विद्यालय के अन्य जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी उनके भविष्य निर्माण के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे समाजसेवियों का सहयोग न केवल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments