HomeUttarakhandAlmoraचौसाला में स्वास्थ्य शिविर: 60 मरीजों की जांच, 35 चेस्ट एक्स-रे में...

चौसाला में स्वास्थ्य शिविर: 60 मरीजों की जांच, 35 चेस्ट एक्स-रे में 4 में मिली असामान्यता

क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा गैड़ा के अनुरोध पर सीएचसी धौलादेवी की मेडिकल टीम पहुंची गांव

सीएनई रिपोर्टर, पनुवानौला/अल्मोड़ा। ग्राम पंचायत चौसाला में पिछले कई दिनों से तेज बुखार, खांसी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रामीण परेशान थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक बड़ी संख्या में लोग बीमारी की चपेट में बताए जा रहे थे। ग्रामीणों की स्वास्थ्य समस्या को देखते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा गैड़ा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी के चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने का अनुरोध किया था। क्षेत्र पंचायत सदस्य के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने चौसाला पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाया।

ADVERTISEMENTS

चौसाला में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में कुल 60 मरीजों का मेडिकल परीक्षण किया गया। लगातार बुखार, खांसी और सांस संबंधी शिकायतों को देखते हुए चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के साथ ही आवश्यक सावधानियों और उपचार के संबंध में जानकारी दी।

35 लोगों के चेस्ट एक्स-रे, चार में मिली असामान्यता

शिविर की खास बात यह रही कि स्वास्थ्य विभाग की टीम अपने साथ हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन भी लेकर पहुंची। इसके माध्यम से गांव में ही 35 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए। जांच के दौरान चार लोगों के एक्स-रे में असामान्यता पाई गई, जिसके बाद संबंधित मरीजों को आगे की चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह लेने के लिए कहा गया।

स्वास्थ्य टीम की इस पहल से ग्रामीणों को प्रारंभिक जांच की सुविधा गांव में ही उपलब्ध हो सकी। इससे विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिली, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल तक जाना पड़ता।

पहले भी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठाई गई थी मांग

क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा गैड़ा द्वारा चिकित्साधिकारी को भेजे गए पत्र में चौसाला क्षेत्र में ग्रामीणों के बीमार होने का उल्लेख करते हुए गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने का अनुरोध किया गया था। पत्र में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा गंभीर स्थिति वाले मरीजों को समय पर उपचार दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया था।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में मेडिकल कैंप आयोजित किए जाने को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। खासकर चेस्ट एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने से सांस और छाती से जुड़ी संभावित समस्याओं की प्रारंभिक पहचान में मदद मिली।

ग्रामीणों को समय पर उपचार लेने की सलाह

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए कहा। जिन मरीजों में जांच के दौरान अधिक गंभीर अथवा असामान्य स्थिति के संकेत मिले, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान ग्राम प्रधान चौसाला खष्टी पाण्डेय, हेमा पाण्डेय, ललित बिष्ट, कुंदन गैड़ा और नवीन पाण्डेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा गैड़ा का आभार जताया।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments