अल्मोड़ा : भाजपा पर गरजे मदन सिंह बिष्ट, बोले ”नही करेंगे कोई वर्चुअल मीटिंग, मुकदमों—धमकियों से डरती नही कांग्रेस, जारी रहेगा आंदोलन ”
अल्मोड़ा। पूर्व विधायक व कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मदन सिंह बिष्ट ने प्रदेश व केंद्र सरकार को दो टूक शब्दों में चेता दिया है कि कांग्रेस भाजपा सरकार की तानाशाही को बर्दाश्त नही करेगी। उन्होंने साफ कर दिया कि भाजपा चाहे कितने मुकदमे लगा ले लेकिन कांग्रेस न तो भाजपा की तरह वर्चुअल मीटिंग करेगी और न ही अपना आंदोलन समाप्त करेगी।
यहां आयोजित प्रेस वार्ता में बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस यह स्पष्ट कर देना चाहती है कि वह भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की धमककियों से डरने वाली नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता इनकी धमकियों और मुकदमों से डर से पीछे नही हटने वाले हैं। कांग्रेस महंगाई व सरकार की तानाशाही के खिलाफ जिला व ब्लॉक स्तर पर आंदोलन को तेज करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस भाजपा की तरह वर्चुअल मिटिंग नही करेगी, क्योंकि कांग्रेस के पास लाखों रूपयों की एलईडी लगाने के लिए रूपया नही है। कांग्रेस के प्रचार का माध्यम उसके कार्यकर्ता व आम जनता है। अतएव कांग्रेसजन गांव—गांव जाकर ब्लाक व जिले से लेकर देश भर में अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि आज हालत इतनी खराब हो चुकी है कि एक तरफ बस सेवा शुरू की जाती है तो दूसरी तरफ किराया दोगुना—तिगुना कर दिया जाता है। जनता के हित में यदि विपक्ष कुछ बोलता है तो उसे डराने—धमकाने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता और किसी धमकी से डारने वाले नही हैं। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक मनोज तिवारी, परितोष जोशी, तारू जोशी, मन्नू पाठक आदि भी मौजूद थे।
You May Like –