HomeUttarakhandDehradunउत्तराखंड को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, पीएम मोदी ने किया...

उत्तराखंड को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, पीएम मोदी ने किया शुभारंभ

देहरादून | प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्तराखंड की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express) का गुरुवार को शुभारंभ किया और कहा कि यह ट्रेन इस देवभूमि के लिए भव्य उपहार है जिससे राज्य की चहुंमुखी प्रगति को रफ्तार मिलेगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad

प्रधानमंत्री मोदी ने यहां देहरादून रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग से शिरकत की। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में रेलवे के शत प्रतिशत विद्युतीकरण का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य सरकार के मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर उपस्थित थे।

देश की राजधानी को देवभूमि से जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “उत्तराखण्ड के सभी लोगों को वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन की बहुत-बहुत बधाई। दिल्ली और देहरादून के बीच चलने वाली ये ट्रेन देश की राजधानी को देवभूमि से और तेज गति से जोड़ेगी। वंदे भारत से दिल्ली-देहरादून के बीच रेल सफर में अब समय भी काफी कम हो जाएगा।” आगे पढ़ें…

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह अभी कुछ देर पहले ही तीन देशों की यात्रा करके लौटे हैं। आज पूरा विश्व भारत को बहुत उम्मीदों से देख रहा है। हम भारत के लोगों ने जिस तरह अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है, उसने पूरी दुनिया का विश्वास जगा दिया है। विश्व के लोग भारत को समझने के लिए, देखने के लिए भारत आना चाहते हैं। ऐसे में उत्तराखंड जैसे इतने सुंदर राज्यों के लिए यह बहुत बेहतरीन अवसर है। इस अवसर का पूरा लाभ उठाने में ये ‘वंदे भारत ट्रेन’ भी उत्तराखंड की मदद करने वाली है।

आने वाले समय में देवभूमि बनेगी आकर्षण का केंद्र – मोदी

उन्होंने कहा, “उत्तराखंड देवभूमि है, मुझे याद है…जब मैं बाबा केदारनाथ का दर्शन करने गया था तो दर्शन के बाद अनायास ही मेरे मुख से कुछ पंक्तियां निकली थीं। ये पंक्तियां थीं- ये दशक उत्तराखंड का दशक होगा।” उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आज जिस प्रकार से कानून व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए विकास के अभियान को आगे बढ़ा रहा है, वह बहुत सराहनीय है। यह देवभूमि की पहचान को संरक्षित करने के लिए भी अहम है।

पीएम मोदी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि ये देवभूमि आने वाले समय में पूरे विश्व की आध्यात्मिक चेतना के आकर्षण का केंद्र बनेगी। हमें इस सामर्थ्य के अनुरूप ही उत्तराखंड का विकास करना होगा।” उन्होंने कहा कि भारत में हाई-स्पीड ट्रेनों को लेकर भी पहले की सरकारों ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन कई-कई साल बीत गए, हाई-स्पीड ट्रेन तो दूर की बात है, रेल नेटवर्क से मानवरहित फाटक तक हटा नहीं पाए थे। बिजलीकरण की स्थिति तो और बदतर थी। उन्होंने कहा कि सफर के लिए वंदे भारत ट्रेन लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के माध्यम से देश में तेजी से विकास सुनिश्चित किया जा सकता है, लेकिन पहले लंबे समय तक जिन दलों की सरकारें रहीं, उन्होंने देश की इस जरूरत को कभी समझा ही नहीं। उन दलों का ध्यान घोटालों पर था, भ्रष्टाचार पर था, परिवारवाद के अंदर ही वो सिमटे हुए थे। उन्होंने कहा, “वर्ष 2014 के बाद ही देश में बदलाव दिखने लगा है, हमने रेलवे को बदलने के लिए समग्र प्रयास किए। यह सब आज संभव हुआ है, देश के विकास के लिए सही नीयत, सही नीति और पूरी निष्ठा रही है।”

उन्होंने कहा कि भारत आज अपनी तेज गति पकड़ चुका है और वंदे भारत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या हर वर्ष पुराने सभी रिकार्डों को ध्वस्त करते हुए नया रिकॉर्ड बना रही है। आज उत्तराखण्ड के नए-नए स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। इन सभी को वंदे भारत ट्रेन से बहुत मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर खुलेंगे। यह राज्य के लोगों के लिए एक भव्य उपहार साबित होगी।

देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए ऐतिहासिक दिन – मुख्यमंत्री धामी

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “आज का दिन देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए ऐतिहासिक दिन है, यह हम सब का सौभाग्य है कि हम इस दिन के साक्षी बन रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव का ही प्रतिफल है कि प्रदेश की राजधानी देहरादून से देश की राजधानी का सफर कुछ ही घंटों में तय किया जा सकेगा।”

सीएम धामी ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि भविष्य में यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन देवभूमि के दुर्गम पहाड़ों में दौड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। मैं प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद करना चाहता हूं जिनकी दूरदर्शिता के कारण आज ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।”

जानें वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express) का समय और रूट (टाइम टेबल)

उत्तराखंड की यह पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express) पौने पांच घंटे में 301 किलोमीटर की यह दूरी तय करेगी। मार्ग में यह गाड़ी हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ ठहरेगी। गाड़ी की औसत गति 63.36 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी और यह अब तक चलने वाली सभी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में सबसे कम होगी।

Vande Bharat Express ट्रेन देहरादून से सुबह सात बजे रवाना होकर 11:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी, जबकि वापसी में यह गाड़ी शाम पांच बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर रात 10:35 मिनट पर देहरादून पहुंचेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलेगी और मार्ग में हरिद्वार, टपरी जंक्शन, मेरठ सिटी स्टेशनों पर रुकेगी। देहरादून से दिल्ली के बीच 302 किलोमीटर की दूरी पौने पांच घंटे में तय करेगी। गाड़ी की औसत गति 63.36 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी।

यह आठ कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस है। यह ट्रेन यात्रियों, विशेष रूप से राज्य की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए आरामदायक यात्रा अनुभव के एक नए युग की शुरुआत करेगी। ट्रेन पूरी तरह स्वदेश में निर्मित है और कवच तकनीक समेत सभी उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस है।

उत्तराखंड में रेलवे के शत प्रतिशत विद्युतीकरण का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में नव विद्युतीकृत रेल लाइन खंडों पीलीभीत-टनकपुर (62.17 रूट किलोमीटर), लालकुआं- भोजीपुरा (65.07 रूट किलोमीटर), रामपुर – लालकुआं (66.01 रूट किलोमीटर), लालकुआं – काठगोदाम (21.48 रूट किलोमीटर), लालकुआं – काशीपुर (57.35 रूट किलोमीटर) तथा मुरादाबाद – काशीपुर- रामनगर (72.701 रूट किलोमीटर) का लोकार्पण किया। इससे राज्य का पूरा रेल मार्ग शत प्रतिशत विद्युतीकृत हो गया है। विद्युतीकृत खंडों पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन द्वारा चलाई जाने वाली ट्रेनों से न सिर्फ ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी, बल्कि ढुलाई क्षमता भी बढ़ेगी।

हल्द्वानी : आंचल उपभोक्ताओं को झटका, फिर बढ़े दूध, दही, पनीर के दाम

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments