देहरादून/लक्सर: उत्तराखंड के बहुचर्चित UKSSSC पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी खालिद मलिक पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद अब खालिद के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम ने लक्सर के सुल्तानपुर गांव में खालिद और उसके परिवार द्वारा कब्जाई गई जमीन को ध्वस्त कर दिया।
बता दें कि स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक कांड ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। हजारों युवा सड़कों पर उतरकर CBI जांच और परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का सिलसिला भी जारी है।
आज (25 सितंबर) को लक्सर एसडीएम सौरभ असवाल और एसपी देहात शेखर सुयाल की अगुवाई में प्रशासनिक अमला सुल्तानपुर पहुंचा। यहां सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण को JCB से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह आरोपी ही क्यों न हो।
कार्रवाई अतिक्रमण हटाओ अभियान का हिस्सा : एसडीएम
एसडीएम सौरभ असवाल ने कहा कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि अतिक्रमण हटाओ अभियान का हिस्सा है। जांच में सामने आया कि ध्वस्त की गई दुकानों में से एक खालिद मलिक की निर्माणाधीन दुकान भी थी।
इसी दौरान यह भी सामने आया कि खालिद के पिता पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज हो चुका है। जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही साफ कर चुके हैं कि नकल माफिया और पेपर लीक गैंग में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि खालिद मलिक पर आरोप है कि उसने परीक्षा के दिन सवाल आउट किए थे। इस मामले में खालिद के साथ उसकी बहन को भी गिरफ्तार किया गया है। अब तक कई पुलिसकर्मी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और कॉलेज के कर्मचारी भी सस्पेंड किए जा चुके हैं।

