9 राज्यों से ट्रेस किए खोए हुए स्मार्टफोन
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। नैनीताल जनपद की पुलिस ने मोबाइल ऐप और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीआईईआर) पोर्टल के माध्यम से जनवरी से मार्च 2026 के बीच गुम हुए विभिन्न ब्रांड के 200 स्मार्टफोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। बरामद किए गए इन स्मार्टफोन्स की कुल अनुमानित कीमत 37,48,000 रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस की इस कार्यवाही के बाद अपने खोए हुए कीमती फोन वापस पाकर 200 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा जनपद में मोबाइल चोरी और गुमशुदगी की शिकायतों का कड़ा संज्ञान लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को इन्हें तत्काल बरामद करने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने तकनीकी निगरानी और पोर्टल डेटा का उपयोग कर व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया।
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा उपनिरीक्षक प्रभारी मोबाइल ऐप (साइबर सेल) मीनू गौतम के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के आधार पर इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी (आईएमईआई) नंबरों को ट्रैक किया और पाया कि ये फोन विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में सक्रिय थे।
कड़ी मेहनत और तकनीकी कौशल के जरिए टीम ने इन 200 मोबाइल फोनों को बरामद कर उनके असली स्वामियों के सुपुर्द किया। बरामद किए गए फोन में आईफोन (07), सैमसंग (31), ओप्पो (36), वन प्लस (13), रियलमी (14), वीवो (45), मोटो (08), इनफिनिक्स (10), रेडमी (22), पोको (05), लावा (02), आईक्यू (02), टेक्नो (03), शाओमी (01) और आईटेल (01) जैसे विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीमती मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने मोबाइल रिकवरी टीम के इस उत्कृष्ट कार्य और तत्परता की सराहना करते हुए टीम को 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत आधिकारिक पोर्टल और ऐप पर सूचना दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।


