HomeAccidentदर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका

दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका

ADVERTISEMENTS

CNE REPORTER, रुद्रपुर/काशीपुर (उधम सिंह नगर): काशीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। तेज रफ्तार खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

🔴 EXCLUSIVE: भीषण बस हादसा!

हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही बस पलटी, मौके पर मची चीख-पुकार!

हादसे की पूरी वीडियो और रेस्क्यू अभियान देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

यूट्यूब पर देखें

इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल और दमकल विभाग को मौके पर बुलाना पड़ा।

सुबह की शुरुआत, जो बन गई जिंदगी का आखिरी सफर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक गांव निवासी जयपाल सिंह (उम्र लगभग 58–60 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी बाइक से किसी काम से घर से निकले थे। वह रोज की तरह अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर जा रहे थे, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे रेत और बजरी से लदे तेज रफ्तार ट्रक संख्या UP21 CT 6334 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर गिरते ही उनकी सांसें थम गईं और कुछ ही पलों में खुशहाल सुबह मातम में बदल गई। घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

चालक फरार, गुस्से से उबाल पर ग्रामीण

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। चालक के भागने की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में खनन सामग्री से लदे भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही लगातार हादसों का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी इलाके में बीती रात भी एक दुर्घटना हुई थी, जिससे लोगों में पहले से ही नाराजगी थी। सुबह फिर से हुई इस दर्दनाक घटना ने गुस्से को भड़का दिया।

ट्रक को लगाई आग, करीब एक घंटे तक जलता रहा वाहन

आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को सड़क पर ही आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और काला धुआं आसमान में छा गया। सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे तक ट्रक जलता रहा, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस, काशीपुर कोतवाली पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात बिगड़ते देख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वपन किशोर सिंह, पीएसी बल, जसपुर कोतवाली और सुल्तानपुर पट्टी चौकी की टीमें भी घटनास्थल पर तैनात की गईं। दमकल विभाग की गाड़ी को भी बुलाया गया, हालांकि शुरुआत में आक्रोशित लोगों ने फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने नहीं दिया।

काफी समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

पुलिस ने मृतक जयपाल सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, जयपाल सिंह दूध का कारोबार करते थे और परिवार के मुख्य सहारे थे। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने जले हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम पर एसपी स्वपन किशोर सिंह ने बताया कि सुबह एक भारी मालवाहक वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित होकर लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ते सड़क हादसे बने चिंता का विषय

उधम सिंह नगर जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसे प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। खासतौर पर खनन सामग्री से लदे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही आए दिन जानलेवा साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments