सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मौसम परिवर्तन के साथ ही विद्यालयों के संचालन के समय में हुए बदलाव को ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन कर दिया है। यह परिवर्तन एलआर साह रोड में किया गया हो, ताकि कोई असुविधा न होने पाए।

पुलिस की ओर से दी गई संशोधित यातायात व्यवस्था की जानकारी के अनुसार प्रातः 08.30 बजे से 09:45 बजे और सायं 2:30 बजे से 4:30 बजे की अवधि में फायर स्टेशन अल्मोड़ा से शिखर तिराह की ओर आने वाले सभी चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। इस समयावधि के अतिरिक्त एलआर साह रोड की यातायात व्यवस्था पूर्व की भांति संचालित रहेगी। पुलिस ने जनता से संशोधित यातायात व्यवस्था का पालन करते हुए पुलिस को सहयोग प्रदान करने की अपील की है।









