सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए आरोपी
सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल : जनपद नैनीताल के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत गेठिया स्थित सुप्रसिद्ध महायोगी पायलट बाबा आश्रम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी को मंदिर के ही दो पूर्व सेवादारों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई नगदी भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पायलट बाबा आश्रम के सेवादार सम्पूर्णानन्द त्रिपाठी ने 13 मार्च, 2026 को पुलिस को तहरीर सौंपी थी। शिकायत में बताया गया कि 9 मार्च, 2026 की रात आश्रम के दो पूर्व सेवादारों— संजू और दीपक कुमार ने खिड़की तोड़कर मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी कर ली। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे क्लोज्ड सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरों में कैद हो गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले को गंभीरता से लिया गया। पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मुखबिर की सटीक सूचना पर शनिवार को दोनों आरोपियों को भूमियाधार माता मंदिर के समीप से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय संजय कार्की उर्फ संजू और 21 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो दोनों रानीबाग, काठगोदाम के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 1,324 रुपये (नोट व सिक्के) बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें विवेचना के दौरान धारा 317(2) और 3(5) की वृद्धि की गई है।
पुलिस टीम का विवरण: इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली थाना तल्लीताल की टीम में उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा (चौकी प्रभारी ज्योलीकोट), उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय (थाना तल्लीताल), कांस्टेबल राजेन्द्र जोशी (चौकी भुजियाघाट) तथा कांस्टेबल पदम सिंह (चौकी ज्योलीकोट) शामिल रहे।


