स्पाइडरमैन की तरह घर में घुसने की करता था कोशिश
सीएनई रिपोर्टर, देहरादून। राजधानी के क्लेमेंटाउन इलाके में पिछले कई महीनों से दहशत का पर्याय बना एक ‘सिरफिरा’ आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। यह आरोपी न केवल लड़कियों का पीछा करता था, बल्कि दीवारें फांदकर उनके घरों में घुसने और वॉशरूम की खिड़कियों से ताका-झांकी करने जैसी घिनौनी हरकतें करता था। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।


बताना चाहेंगे कि, मामले का खुलासा तब हुआ जब 18 अप्रैल का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो में साफ दिख रहा था कि एक युवक किस तरह शातिर अपराधी की तरह दीवार लांघकर एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा है। इस वीडियो ने शहर की महिलाओं और छात्राओं में डर का माहौल पैदा कर दिया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना क्लेमेंटाउन को तत्काल आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने के कड़े निर्देश दिए।
पीड़िता की आपबीती: अक्टूबर से कर रहा था परेशान
24 अप्रैल को प्रताप मार्ग, सुभाष नगर की रहने वाली एक युवती ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर 2025 से ही यह युवक क्षेत्र की लड़कियों को डरा-धमका रहा था और उनका पीछा करता था।
बीती 18 अप्रैल को जब पीड़िता ड्यूटी से घर लौट रही थी, तब इस युवक ने उसका पीछा किया और घर की दीवार फांदकर सीधे कमरे में घुसने का प्रयास किया। आरोपी केवल पीछा ही नहीं करता था, बल्कि घरों के रोशनदानों और खिड़कियों से ताका-झांकी भी करता था।
नशे का आदी और पुराना अपराधी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर सोहेब हुसैन नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जो खुलासे हुए वे चौंकाने वाले हैं। थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी पेशे से ड्राइवर है और बुरी तरह नशे का आदी है।
पुलिस के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब सोहेब ने ऐसी हरकत की हो। उस पर पहले से ही कोतवाली पटेल नगर में दो मुकदमे दर्ज हैं।आरोपी रात के अंधेरे में लड़कियों को टारगेट करता था। मौका मिलते ही वह उनके घरों की खिड़कियों या वॉशरूम के रोशनदानों तक पहुँच जाता था।
आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र की महिलाओं ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देवभूमि में महिला सुरक्षा सर्वोपरि है। अगर कोई भी कानून-व्यवस्था या महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ करेगा, तो उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


