सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में निकाली जा रही दिव्य ज्योति यात्रा बागेश्वर पहुंची।
इस जनजागरण यात्रा की शुरुआत मां मनसा देवी मंदिर, हरिद्वार से हुई थी और इसे उन्नति स्वयं सहायता समिति के तत्वावधान में यात्रा संयोजक विनोद भट्ट द्वारा संचालित किया जा रहा है। यात्रा अब तक उत्तराखंड के सात जिलों का भ्रमण कर चुकी है और आगे पूरे राज्य में जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से जारी रहेगी।
यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग में गो संरक्षण, गो सेवा और गो माता को संविधानिक रूप से ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा दिलाने की भावना को जागृत किया जा रहा है। हर पड़ाव पर श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और धार्मिक संगठनों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जा रहा है।
बागेश्वर आगमन पर यात्रा का नगरवासियों और विभिन्न संगठनों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर बजरंग दल के जिला संयोजक विजय परिहार, रवि रस्तोगी, शुभम पांडे, दीपक भंडारी, कुलदीप नगरकोटी समेत कई अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने गो माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन करते हुए इसे राष्ट्रधर्म का विषय बताया। यात्रा संयोजक विनोद भट्ट ने बताया कि यह सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और संवैधानिक चेतना की यात्रा है। उन्होंने कहा कि गो माता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि जीवन का केंद्र रही हैं। यात्रा का अगला पड़ाव अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जैसे जिलों में प्रस्तावित है।