✍️ नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर दिलाई गई शपथ
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: नशामुक्त समाज की अलख जगाने के लिए बुधवार को पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें एसएसपी देवेंद्र पींचा ने पुलिस बल को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ की शपथ दिलाई। उन्होंने समाज में नशा मुक्ति की संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को नशे से बचाने की जरूरत बताई। इसके लिए पुलिस के जवानों को प्रेरित किया। दूसरी ओर जिले के सभी थानों/चौकियों व फायर स्टेशनों में में पुलिस बल व जनमानस को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई।

पुलिस कार्यालय में शपथ के दौरान सीओ गोपाल दत्त जोशी, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, एलआईयू निरीक्षक मनोज भारद्वाज, निरीक्षक देवेन्द्र सिंह नेगी, सतीश चन्द्र कापड़ी, कुमकुम धानिक समेत पुलिस कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में भी नशामुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर अधिकारियों व कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अरविंद पांगती ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति होते हैं। ऐसे में युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना आवश्यक है। इसके लिए उन्हें प्रेरित करने की जरूरत है। इस उपलक्ष्य में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आनलाइन प्रमाण पत्र भी बनाए गए।

