CNE REPORTER, ALMORA : सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के जाने-माने वरिष्ठ रंगकर्मी प्रकाश बिष्ट को कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 2025के प्रतिष्ठित ‘लोक कला साधक सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र , पटियाला की ओर से दिए गए इस सर्वोच्च सम्मान में उन्हें राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने ढाई लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ सम्मानित किया।
प्रकाश बिष्ट ने पिछले 40 वर्षों से अथक रूप से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, नाट्य कला और परंपराओं को न केवल राष्ट्रीय, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया है। उनकी कला साधना ने पहाड़ की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
यह सम्मान प्राप्त करने के साथ ही प्रकाश बिष्ट उत्तराखंड के ऐसे पहले लोक कलाकार बन गए हैं, जिन्हें ‘लोक कला साधक सम्मान 2025’ से नवाजा गया है, जो राज्य के लिए एक गौरव का विषय है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद, भावुक बिष्ट ने यह पुरस्कार इसी वर्ष सितंबर माह में दिवंगत हुई अपनी माता को समर्पित किया।
श्री बिष्ट को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने हर्ष व्यक्त किया है। बधाई देने वालों में विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, रवि चौहान, नीरज चौहान समेत अल्मोड़ा के कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

