







सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस और ऑपरेशन स्माइल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। कई दिनों की तलाश के बाद पुलिस टीम ने बालिका को ढूंढकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को अल्मोड़ा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री मंगलवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। इस सूचना के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत गुमशुदगी दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली अल्मोड़ा के प्रभारी निरीक्षक और ऑपरेशन स्माइल टीम को नाबालिग बालिका की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय तथा महिला कोतवाली प्रभारी और ऑपरेशन स्माइल टीम प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस और ऑपरेशन स्माइल टीम ने बालिका की तलाश तेज कर दी।
पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर सुरागरसी और पतारसी करते हुए लगातार खोजबीन की। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए परिजनों को सूचना दी।
इस अभियान में उप निरीक्षक दिनेश परिहार (विवेचक) कोतवाली अल्मोड़ा, हेड कांस्टेबल कपिल राठी, हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या शामिल रहे।













