क्षेत्र में शोक की लहर
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जनपद की उप तहसील काफलीगैर के असों, बोहाला क्षेत्र में कार्यरत राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) किशोर कांडपाल की शनिवार रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कांडपाल कल शाम अपने घर पर खाना खा रहे थे, तभी अचानक वह बेहोश हो गए। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस हृदय विदारक घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध रह गए। कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले श्री कांडपाल के आकस्मिक निधन से उनके गृह क्षेत्र मटेना गरुड़ और बोहाला क्षेत्र में गहरा मातम छा गया है। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
वर्तमान में, उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जाँच की जा रही है। उनके निधन पर उपजिलाधिकारी निशा रानी, तहसीलदार दलीप सिंह, राजस्व निरीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल मेहता सहित विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
