HomeBreaking News7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे : कांग्रेस टीएमसी...

7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे : कांग्रेस टीएमसी ने 4-4, भाजपा ने 2 सीटें जीतीं

ADVERTISEMENTS

नई दिल्ली | उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और बिहार समेत 7 राज्यों की 13 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। सभी सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इनमें से कांग्रेस ने 4, टीएमसी ने 4, भाजपा ने 2, AAP, डीएमके और निर्दलीय ने 1-1 सीटें जीत ली हैं।

उत्तराखंड में बदरीनाथ और मंगलौर सीट कांग्रेस जीती

उत्तराखंड में मंगलौर और बद्रीनाथ सीट पर उपचुनाव हुआ था। इन सीटों पर पहले कांग्रेस और बसपा का कब्जा था और बीजेपी के सामने थी सीट को हथियाने की चुनौती, जिसमें वह सफल नहीं हो सकी। बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने करीब 5 हजार से अधिक वोटों से बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को शिकस्त दी। राजेंद्र भंडारी ही पहले यहां से विधायक थे लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला को 28161 वोट जबकि बीजेपी प्रत्याशी राजेंद्र सिंह भंडारी को 22937 वोट मिले।

वहीं मंगलौर सीट जो बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हुई थी, उस सीट पर पर कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने बाजी मारी और कड़े मुकाबले में उन्होंने बीजेपी के करतार सिंह भड़ाना को 400 से अधिक वोटों से हराया। काजी निजामुद्दीन इस सीट पर पहले भी 3 बार कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन को 31727 वोट जबकि बीजेपी प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना 31305 वोट वहीं बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी उबैदुर रहमान (मोंटी) को 19559 वोट ही मिले है।

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर, देहरा, नालागढ़ सीट पर हुए उपचुनाव

हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों में से 2 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। देहरा सीट से सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर 9399 वोटों से चुनाव जीतीं तो वहीं नालागढ़ सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने बीजेपी के के. एल. ठाकुर को करीब 9 हजार वोटों से हराया। हमीरपुर में बीजेपी के आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा को कड़े मुकाबले में 1571 वोटों से हराया। पहले ये तीनों सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के पास थी।

पश्चिम बंगाल की रानाघाट दक्षिण, रायगंज, बागदा, मानिकतला सीट पर हुए उपचुनाव

पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया है। रायगंज, बागदा, रानाघाट और मानिकतला सीट पर टीएमसी उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। रायगंज सीट से टीएमसी प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी ने बीजेपी उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 50 हजार वोटों से ज्यादा के अंतर से शिकस्त दी। वहीं बागदा सीट पर टीएमसी की उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर ने 33455 वोटों से जीत हासिल की। इसके अलावा राणाघाट से टीएमसी के मुकुट मणि ने बीजेपी के मनोज कुमार बिस्वास को करीब 39 हजार वोटों से हराया। मानिकतला सीट पर टीएमसी की सुप्ती पांडे ने बीजेपी के कल्याण चौबे को 62312 वोटों से हराया।

पंजाब में जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुरल को करीब 37 हजार वोटों से हराया। पहले यह सीट आम आदमी पार्टी के पास ही थी और शीतल ही यहां से विधायक थे लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए जिसके बाद यहां उपचुनाव हुआ।

तमिलनाडु की विकरावंडी सीट पर सत्ताधारी डीएमके ने जीत हासिल की है। डीएमके के अन्नियुर शिवा @ शिवाशनमुगम. ए ने पट्टाली मक्कल काची पार्टी (PMK) के अन्बुमणि. सी को 67 हजार से अधिक वोटों से हराया।

बिहार की रुपौली सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है यहां निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जेडीयू और आरजेडी जैसे दलों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल कर ली है। जेडीयू के कलाधर मंडल दूसरे नंबर पर रहे जबकि इस सीट से विधायक रही बीमा भारती तीसरे नंबर पर रहीं। बीमा भारती के जेडीयू में शामिल होने की वजह से यहां सीट रिक्त हुई थी। बीमा भारती ने लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था लेकिन वहां भी वह तीसरे नंबर पर रहीं। निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने 8246 वोटों से जीत दर्ज की।

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भी रिजल्ट सामने आ गया है। यहां बीजेपी प्रत्याशी कमलेश प्रताप शाह ने 3027 वोटों से जीत दर्ज की, तो वहीं कांग्रेस से धीरन शाह की हार हो गई है। 2023 के विधानसभा चुनाव में अमरवाड़ा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, लेकिन कमलेश प्रताप शाह बाद में बीजेपी में शामिल हो गए जिसके बाद यह सीट खाली हो गई।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments