साइबर अपराध और नशे के विरुद्ध अभियान की सलाह
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा : जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज अल्मोड़ा के नवागंतुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के (IPS) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रेडक्रॉस सदस्यों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर जनपद में उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आपातकालीन स्थितियों के लिए पुलिस विभाग के स्वैच्छिक रक्तदाताओं का एक डेटाबेस तैयार करना रहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जीवन रक्षा की जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से अनुरोध किया कि पुलिस विभाग के उन कर्मचारियों की सूची रेडक्रॉस को उपलब्ध कराई जाए जो रक्तदान के इच्छुक हैं। इससे आपातकाल में जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा। एसएसपी घोड़के ने इस प्रस्ताव पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए रेडक्रॉस को सुझाव दिया कि संस्था साइबर धोखाधड़ी के प्रति समाज को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने अपील की कि रेडक्रॉस जन जागरूकता के लिए प्रभावी वीडियो बनाकर पुलिस को उपलब्ध कराए और विशेष रूप से सेवानिवृत्त होने वाले व्यक्तियों के समूहों को लक्षित कर जागरूकता अभियान चलाए।
नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने बताया कि शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है और कई महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने निजी सीसीटीवी कैमरों को इस प्रकार लगाएं कि वे सड़क और बाहरी क्षेत्र को भी कवर करें, जिससे पुलिस को आपराधिक घटनाओं के अनावरण में मदद मिल सके। इसके अतिरिक्त, युवाओं में बढ़ते नशे के विरुद्ध एक व्यापक जन आंदोलन चलाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
गर्मी के आगामी सीजन को देखते हुए रेडक्रॉस ने बाजार क्षेत्रों में समय-समय पर फायर सर्विस की मॉक ड्रिल कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे एसएसपी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। बैठक के दौरान पुलिस और नागरिक समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।
इस शिष्टाचार भेंट के दौरान रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रान्तीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, युवा रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं पार्षद अमित साह ‘मोनू’, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, गिरीश मल्होत्रा, पार्षद अर्जुन बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह और अनूप साह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


