परिजनों ने जताया पुलिस का आभार
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अल्मोड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन स्माइल और महिला कोतवाली की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए घर से नाराज होकर निकली एक महिला और उसके चार माह के मासूम पुत्र को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुँचाया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, चंद्रशेखर घोडके द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों और ऑपरेशन स्माइल टीम को गुमशुदा लोगों की तलाश हेतु कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 23 मार्च 2026 को महिला कोतवाली पुलिस को एनडीटी क्षेत्र में एक महिला अपने चार माह के बच्चे के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में भटकती हुई मिली। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम ने तत्काल महिला और बच्चे को महिला कोतवाली में सुरक्षित आश्रय दिया।
काउंसलिंग के बाद हुई घर वापसी
प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भण्डारी और प्रभारी ऑपरेशन स्माइल टीम के नेतृत्व में महिला से प्यार से पूछताछ की गई। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि वह घरेलू नाराजगी के कारण अपना घर छोड़कर चली आई थी। पुलिस टीम द्वारा महिला की उचित काउंसलिंग की गई और उसे परिवार के महत्व को समझाया गया।
महिला से प्राप्त जानकारी के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया गया और 24 मार्च 2026 को ऑपरेशन स्माइल टीम महिला व बच्चे को लेकर रानीखेत स्थित उनके घर पहुँची, जहाँ उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने जताया आभार
अपने बिछड़े हुए सदस्यों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। उन्होंने अल्मोड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
- अपर उप निरीक्षक गणेश कुमार
- महिला कांस्टेबल मंजू आर्या
- महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी


