➤ खाते में जमा करने बैंक जा रहे थे, मगर पहले ही खो गया धन
➤ पुलिस की सक्रियता ने लौटाई चेहरे पर मुस्कान, महिला के पास मिला बैग

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां व्यक्ति को तब होश उड़ गए, जब 01.67 लाख रूपये से भरा उनका बैग बाजार में खरीददारी करते वक्त गुम हो गया, जबकि वह व्यक्ति इस धन को बैंक में जमा करने जा रहे थे। उनकी सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही समय में बैग ढूंढ निकाला, जो एक महिला के पास मिला।
मामला आज बुधवार का है। दरअसल, तहसील रानीखेत के भैसोली क्षेत्र के ग्राम तनवानी निवासी चन्दन सिंह पुत्र मोहन सिंह ने कोतवाली रानीखेत में सूचना दी कि वे 01.67 लाख रूपये अपने खाते में जमा करने के लिए स्टेट बैंक शाखा मजखाली जा रहे थे। बैंक जाने से पहले वह रानीखेत बाजार में खरीददारी के लिए रुके, जहां उनका रुपयों से भरा बैग कहीं गायब हो गया। काफी खोजबीन करने के बावजूद बैग का कोई पता नहीं चल पाया। सूचना प्राप्त होने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में तत्काल प्रभाव से त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक फिरोज खान एवं कांस्टेबल कमल गोस्वामी ने बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अवलोकन किया गया।
पुलिस टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप उक्त बैग चौकुनी मौना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के पास से बरामद किया गया। महिला ने बताया गया कि उनके पास भी इसी प्रकार का बैग था, जो अनजाने में गलती से बदल गया था। रानीखेत पुलिस ने बैग में रखे समस्त सामान एवं नगदी की जांच की और नगदी को गिना। इसके बाद स्वामी चन्दन सिंह को सकुशल सुपुर्द किया गया। अपनी खोई हुई धनराशि एवं सामान सुरक्षित वापस मिलने पर चन्दन सिंह एवं उनके परिजन बेहद प्रसन्न हुए और उन्होंने रानीखेत कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।


