➤ कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी बोली- 2027 में कांग्रेस की सरकार
➤ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अल्मोड़ा में विशाल रैली कल

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी शैलजा ने यहां कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के दौरे से उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार हर तरह से फेल है और अब 2027 में जनता के हित में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनानी है। इसके लिए कांग्रेस ने पूरी तरह कमर कस ली है। राहुल गांधी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची प्रदेश प्रभारी ने आज यहां एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में यह बात कही। राहुल गांधी की अल्मोड़ा में विशाल जनसभा कल यानी 4 जून को सिमकनी मैदान में प्रस्तावित है।
कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी शैलजा ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का संचार हुआ है। इस दौरे के तहत राहुल गांधी कल अल्मोड़ा पहुंचेंगे और यहां सिमकनी मैदान में विशाल जनसभा करेंगे। जिसे लेकर महज अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बेहद जोश है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान उनकी कई आम लोगों की बात हुई और पता चला कि लोग भाजपा के 10 साल के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए परिवर्तन चाह रहे हैं। यहां तक कि भाजपा के भी कई कार्यकर्ता हैं, जो परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनसभा में राहुल विभिन्न मुद्दों पर बात रखेंगे। जिनमें भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, सरकार की गलत नीतियों और सरकार की विफलताओं समेत तमाम मुद्दे रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार हर तरह से फेल साबित हुई है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है, महिला संबंधी अपराध बढ़े हैं। न तो किसी को न्याय नहीं मिल रहा है और न ही मुख्य समस्याएं दूर हो पा रही हैं। उन्होंने रैली के बाद राहुल के संदेश को कांग्रेसजन हर जन तक पहुंचाएंगे। शैलजा ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार हर हाल बनानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से चौकन्नी है। एसआईआर और भाजपा की रणनीति पर पूरी तरह से नजर रखे हुए है। प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, वरिष्ठ नेता प्रदीप टम्टा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी समेत कई कांग्रेस नेता शामिल रहे।
तैयारी में कांग्रेसजनों ने झोंकी ताकत
अल्मोड़ा: यहां कल यानी 4 जून को लोअर माल रोड स्थित सिमकनी मैदान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की जनसभा के लिए पूरे प्रदेश स्तर से वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा पहुंच चुके हैं। जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंकी है। कुछ वरिष्ठ नेता चंद रोज पहले ही यहां पहुंच चुके हैं। लगातार कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं में जुटे हैं।


