➤ सुधारीकरण का इंतजार कर ही सड़क के सुधारीकरण के आगणन को मिली स्वीकृति
सीएनई रिपोर्टर, पिथौरागढ़: जिले के मूनाकोट विकासखंड अंतर्गत कुसेरी-सिलोनी मोटरमार्ग के दिन अब जल्द बहुरेंगे। शासन ने इस खस्ताहाल सड़क के हॉटमिक्स डामरीकरण के लिए 01 करोड़ 99 लाख रूपये के आगणन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब मार्ग के सुगम होने की पूरी उम्मीद जग चुकी है। यह जानकारी जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने दी है और उन्होंने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद के मूनाकोट विकासखंड अंतर्गत कुसेरी से सिलोनी मोटरमार्ग लंबे समय से सुधारीकरण की बाट जोह रहा था। इसके सुधारीकरण के लिए पहल शुरू हुई और अब यह पहल साकार हुई है। मार्ग के हॉटमिक्स डामरीकरण कार्य के लिए शासन ने राज्य योजना के तहत 199.17 लाख रुपये (एक करोड़ 99 लाख 17 हजार रुपये) के आगणन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। लोक निर्माण विभाग, पिथौरागढ़ के प्रांतीय खंड के अंतर्गत आने वाले इस मोटरमार्ग के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स डामरीकरण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क की स्थिति में सुधार होने से स्थानीय ग्रामीणों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृति के उपरांत अग्रिम कार्यवाही में किसी भी प्रकार की देरी नहीं की जाए और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।
































