👉 गुहार के बाद भी लंबे समय से नहीं मिल पा रही थी वृद्धावस्था पेंशन
👉 सीएम ने डीएम को दिए निर्देश, तो हरकत में आए संबंधित अधिकारी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले की एक वृद्ध महिला लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभ से वंचित चल रही थी, जबकि वह कई बार गुहार लगा चुकी थी। जब उसकी व्यथा मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के संज्ञान में आई, तो सीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिए कि अविलंब सभी औपचारिकता पूरी करवाकर संबंधित महिला की पेंशन स्वीकृत की जाए। इसके बाद तत्परता से कार्यवाही हुई और महिला की पेंशन स्वीकृत हो गई।
यह प्रकरण अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट तहसील अंतर्गत बग्वालीपोखर क्षेत्र के ग्राम च्याली निवासी वृद्ध महिला रमोती देवी का है। जब इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री के निर्देश मिले, तो प्रशासन हरकत में आया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम अंशुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एसडीएम द्वाराहाट सुनील कुमार एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को जरुरी कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद सक्रियता बढ़ी। संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्त अभिलेखीय एवं औपचारिक कार्यवाही पूर्ण की तथा रमोती देवी की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करा दी गई। वृद्ध महिला रमोती देवी एवं उनके परिजनों ने इस फौरी कार्यवाही और पेंशन स्वीकृत कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त किया है।

