👉 28 अगस्त से 03 सितंबर तक चलेगा कौतिक, सीएम करेंगे उद्घाटन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में नंदादेवी महोत्सव समिति ने ऐतिहासिक नंदादेवी मेले की तैयारी शुरू कर दी हैं। सांस्कृतिक विरासत को संजोने में अहम् भूमिका निभाने वाले एवं अटूट आस्था का प्रतीक नंदादेवी मेले का आगाज इस बार आगामी 28 अगस्त से होगा, जो 03 सितंबर तक चलेगा। बताया गया है कि मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
मेले की तैयारियों को लेकर नंदा देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित विशेष बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि यह मेला 209 वर्षों की परंपरा को संजोए हुए है और यह केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मेले को भव्यता देने के लिए एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज और मल्ला महल परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। यह भी कहा कि तकनीकी कारणों से फिलहाल एडम्स कॉलेज में कार्यक्रम नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में वहां आयोजन की संभावनाओं पर विचार होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे, ऐसे प्रयास चल रहे हैं।
मेयर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम पहली बार इस मेले के आयोजन में पूर्ण रूप से भागीदारी करेगा और इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से भी सहयोग की बात की जा रही है, ताकि इस मेले को राज्य स्तरीय पहचान और समर्थन मिल सके। पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मेला पहले ही राजकीय मेला घोषित हो चुका है, अब जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इसके भव्य आयोजन के लिए ठोस रणनीति तैयार करे।
व्यापारी नेता अजय वर्मा और उपाध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि पूर्व की भांति व्यापार मंडल के पूर्ण सहयोग करेगा। संयोजक तारा जोशी ने बताया कि मेले में बच्चों के नृत्य, गायन, झोड़ा, चांचरी और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियां होंगी। बैठक का संचालन मनोज सनवाल ने किया। बैठक में दीप लाल साह, दिनेश गोयल, अनूप साह, पीसी तिवारी, अमित साह ‘मोनू’, अभिषेक जोशी, अर्जुन सिंह बिष्ट, तारा जोशी, जगत तिवारी, राजेंद्र बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शोभा जोशी समेत नगर निगम के पार्षद, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि व अन्य नागरिक मौजूद रहे।

