HomeUttarakhandAlmoraबैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कल, 8 लाख से अधिक बैंककर्मी रहेंगे कार्य...

बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कल, 8 लाख से अधिक बैंककर्मी रहेंगे कार्य विरत

ADVERTISEMENTS

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग

27 जनवरी : एसबीआई मुख्य शाखा के बाहर होगा प्रदर्शन

अल्मोड़ा/नई दिल्ली, 27 जनवरी। बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर मंगलवार 27 जनवरी, 2026 को देशभर में बैंक कर्मियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर सार्वजनिक क्षेत्र, निजी क्षेत्र, विदेशी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक तथा सहकारी बैंकों के लगभग 8 लाख कर्मचारी एवं अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की नौ प्रमुख यूनियनें शामिल हैं। इन यूनियनों का कहना है कि भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच 7 दिसंबर 2023 को हुए समझौते तथा 8 मार्च 2024 को हस्ताक्षरित सेटलमेंट/जॉइंट नोट के अनुसार बैंकिंग क्षेत्र में सप्ताह में पांच कार्य दिवस लागू किया जाना तय हुआ था। इसके अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य समय बढ़ाकर शेष सभी शनिवारों को अवकाश घोषित किया जाना प्रस्तावित है।

यूनियनों के अनुसार यह प्रस्ताव दो वर्षों से केंद्र सरकार की स्वीकृति के लिए लंबित है, जिस कारण बैंक कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।

पहले भी किया गया था आंदोलन स्थगित

यूएफबीयू ने बताया कि वर्ष 2015 के 10वें द्विपक्षीय समझौते के दौरान दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था और भविष्य में सभी शनिवारों को अवकाश देने पर विचार का आश्वासन दिया गया था। वर्ष 2022–23 में सरकार, आईबीए और यूनियनों के बीच चर्चा के बाद इस मांग पर सहमति भी बन गई, लेकिन अब तक सरकार की अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी।

इसी मांग को लेकर मार्च 2025 में दो दिवसीय हड़ताल का नोटिस दिया गया था, जिसे सरकार द्वारा “मामला सक्रिय विचाराधीन” होने का आश्वासन मिलने पर स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद कोई ठोस निर्णय न होने से यूनियनों को पुनः हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

अन्य क्षेत्रों में पहले से लागू

यूनियन नेताओं ने कहा कि रिज़र्व बैंक, एलआईसी, जीआईसी, केंद्र व राज्य सरकारों के कार्यालय, शेयर बाजार तथा मनी और विदेशी मुद्रा बाजार पहले से ही सोमवार से शुक्रवार तक ही कार्य करते हैं। ऐसे में केवल बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जाना अनुचित है। यूनियनों का यह भी कहना है कि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता के चलते शनिवार अवकाश से ग्राहकों को कोई बड़ी परेशानी नहीं होगी।

अल्मोड़ा में भी प्रदर्शन

इधर यूनियन के क्षेत्रीय सचिव (अल्मोड़ा) मोहम्मद यासर अंसारी ने मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स ने अपनी मांगों के समर्थन में 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा एवं आसपास की शाखाओं में कार्यरत बैंक कर्मचारी और अधिकारी आज सुबह 10:30 बजे भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे।

ग्राहकों से सहयोग की अपील

यूनियनों ने बैंकिंग जनता से हड़ताल के कारण हुई असुविधा के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों को विवश होकर करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

हड़ताल के चलते नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस, ऋण प्रक्रिया, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट तथा शाखाओं से जुड़ी अधिकांश सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

ADVERTISEMENTS
🔴 BREAKING: खनन कारोबारी का खौफनाक गुस्सा! रेट विवाद में प्रतिद्वंद्वी का क्या हाल किया? (देखें वीडियो)
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments