सांकेतिक धरना-प्रदर्शन
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन के प्रदेशव्यापी आह्वान पर मंगलवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में आयोजित सांकेतिक धरना-प्रदर्शन को बागेश्वर में व्यापक समर्थन मिला। श्री बागनाथ फड़ व्यवसाय कल्याण समिति ने आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए उनकी मांगों को पूरी तरह न्यायोचित बताया और प्रशासन से उनका शीघ्र समाधान करने की मांग की।
धरना-स्थल पर समिति के अध्यक्ष किशन राम एवं सचिव भीम राम आर्या के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने आंदोलनरत कर्मचारियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और शहरों व कस्बों की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे कर्मियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री बागनाथ फड़ व्यवसाय कल्याण समिति सफाई कर्मचारियों के संघर्ष में तन, मन और धन से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उनका शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान किया जाए, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो सके।
धरना-प्रदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष चन्दन लाल, शाखाध्यक्ष मदन लाल, महामंत्री तेजपाल, संगठन मंत्री विकास कुमार, रामगोपाल, राकेश कुमार, नन्हे लाल, रोहित, मोहन, अभिषेक, शकुंतला देवी, अमित कुमार, सोमवीर, ललिता देवी, गीता देवी, मीना देवी, महिला उपाध्यक्ष रेखा देवी, मंजू देवी, दीपमाला, किसना देवी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।










