Breaking NewsDelhiNationalUttarakhand

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल; मोदी-शाह, सोनिया-राहुल-प्रियंका ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली | पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे 92 साल के थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह व राहुल गांधी ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इधर, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। इसमें पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

मनमोहन लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।

राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।

मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) करेगा। फिलहाल डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित उनके आवास पर रखा गया है।

पीएम मोदी ने डॉ. मनमोहन सिंह को किया याद – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा,’डॉ. मनमोहन सिंह की विनम्रता, सौम्यता और बौद्धिकता उनकी पहचान बनी। दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षा लेने और सरकार के शीर्ष पदों पर रहने के बाद भी उनका व्यक्तित्व बेहद सरल था। वे सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे। जब मैं सीएम था, तब उनके साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुले मन से चर्चा होती थी। मेरे दिल्ली आने पर उनसे बात और मुलाकात होती थी।’

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल; मोदी-शाह, सोनिया-राहुल-प्रियंका ने दी श्रद्धांजलि

खरगे-सोनिया-राहुल-प्रियंका ने मनमोहन को किये श्रद्धा सुमन अर्पित

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है। डॉ. सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व के साथ ही विभिन्न दलों के प्रमुख नेता पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों तथा प्रमुख नेताओं ने डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की है।

मोदी ने कहा- देशवासियों की तरफ से मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हर दल के व्यक्ति से संपर्क रखा, सहज उपलब्ध रहे। यहां दिल्ली आने के बाद भी मेरी उनसे बात मुलाकात होती थी। मुझे उनसे हुईं मुलाकातें और चर्चाएं हमेशा याद रहेंगी। इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता हूं। सभी देशवासियों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जनता के प्रति देश के विकास के प्रति उनका कमिटमेंट उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन, उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। उनकी विनम्रता सौम्यता उनके संसदीय जीवन की पहचान बनी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह जी को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आकर उन्होंने वित्त मंत्री समेत विभिन्न पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। भारतीय आर्थिक नीति को नई दिशा देने में उनका योगदान सराहनीय है।

इतिहास विनम्रता, अथाह ज्ञान के लिए मनमोहन को हमेशा रखेगा याद : कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा है कि इतिहास में नयी दिल्ली, को उनके गरिमामय आचरण, सार्वजनिक सेवा में उनकी प्रतिबद्धता, अथाह ज्ञान और विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने अधिकारिक एक्स पेज पर ट्वीट किया और कहा “डॉ सिंह अपने पीछे आर्थिक सुधारों, राजनीतिक स्थिरता और प्रत्येक भारतीय के जीवन के उत्थान के लिए समर्पण की विरासत छोड़ गए हैं। पहले एक टेक्नोक्रेट के रूप में और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सामाजिक कल्याण पर ध्यान देने के साथ आर्थिक समृद्धि और विश्व मानचित्र पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए याद किया जाएगा।” पार्टी ने कहा “अपने शांत लेकिन असरदार नेतृत्व के लिए विख्यात, वह एक सिद्धांतवादी व्यक्ति थे, जिन्होंने देश के कल्याण के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ कठोर निर्णय लिए। एक नेता के रूप में डॉ. सिंह के फैसले भारतीय समाज के हर पहलू पर गहराई से छाप छोड़ गए हैं।” कांग्रेस ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा “राजनीतिक सहयोगियों, विरोधियों और विश्व नेताओं से उन्होंने जो विश्वास और सम्मान अर्जित किया, वह उनके गहरे प्रभाव का प्रमाण है। एक राजनेता, एक विद्वान, एक नेता, एक दूरदर्शी – भारत के सबसे गौरवान्वित पुत्रों में से एक… आपका जाना बेहद दुखद है, आपकी बहुत याद आएगी। श्रद्धांजलि।”

मनमोहन सिंह का योगदान हमेशा याद रहेगा: आरएसएस

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले को उद्धृत करते हुए कहा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश बेहद दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।” संघ ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किये। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा और संजोया जाएगा। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।”

भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे मनमोहन : अमेरिका

अमेरिका ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुये कहा कि वह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे और उनके काम ने बहुत कुछ की नींव रखी जो पिछले दो दशकों में दोनों देशों ने मिलकर हासिल किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन ने एक बयान में यह भी कहा कि अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने में पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह का नेतृत्व अमेरिका-भारत संबंधों की क्षमता में एक बड़े निवेश का संकेत देता है। बयान में कहा गया , “संयुक्त राज्य अमेरिका पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के प्रति हमारी गंभीर संवेदना व्यक्त करता है।” “डॉ सिंह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के महानतम समर्थकों में से एक थे, और उनके काम ने पिछले दो दशकों में हमारे देशों ने मिलकर जो कुछ हासिल किया है, उसकी नींव रखी। अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व ने अमेरिका-भारत संबंधों की क्षमता में एक बड़े निवेश का संकेत दिया।” “ डॉ. सिंह को देश में उनके आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाएगा जिन्होंने भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि को गति दी। हम डॉ. सिंह के निधन पर शोक मनाते हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत को करीब लाने के उनके समर्पण को हमेशा याद रखेंगे।” भारत के 13वें प्रधानमंत्री रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 साल की उम्र में निधन हो गया था।

 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
किचन गार्डन में जरूर लगाएं ये पौधे, सेहत के लिए भी फायदेमंद Uttarakhand : 6 PCS अधिकारियों के तबादले शाहरूख खान की फिल्म डंकी 100 करोड़ के क्लब में शामिल हिमाचल में वर्षा, बर्फबारी होने से बढ़ी सर्दी Uttarakhand Job : UKSSSC ने निकाली 229 पदों पर भर्ती