नानकमत्ता में डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उधम सिंह नगर | नानकमत्ता में डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उधम सिंह नगर पुलिस आरोपी सरबजीत को पंजाब से पड़कर उत्तराखंड ला रही थी। इसी दौरान काशीपुर में आरोपी ने भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी सरबजीत के पैर में गोली लगी है। जबकि तीन पुलिस कर्मी भी घायल हुआ हैं। सभी को काशीपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
नानकमत्ता में पिछले साल की थी हत्या
दरअसल, 28 मार्च 2024 को नानकमत्ता बाबा तरसेम की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। बहुचर्चित तरसेम सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सरबजीत एक साल से फरार चल रहा था। आरोपी पर 2 लाख का इनाम भी घोषित किया गया था। जिसकी तलाश में उधम सिंह नगर पुलिस 1 साल से जुटी हुई थी। पुलिस को आरोपी के पंजाब के तरन तारण होने की जानकारी मिली। जिसके बाद एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने टीम बनाकर वहां रवाना की और उसे गिरफ्तार कर उधम सिंह नगर लाया जा रहा था।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पिछले साल नानकमत्ता में बाबा तरसेम सिंह की हत्या की गई थी। इसका मुख्य आरोपी तब से फरार चल रहा था। लगातार पुलिस को इसकी सूचना मिल रही थी, कि वह पंजाब में छिपा है। इसके बाद 12 लोगों की टीम बनाकर पंजाब भेजी की गई। हत्याकांड के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह को पंजाब के तरन तारण से गिरफ्तार कर विशेष टीम उधम सिंह नगर ला रही थी। इसी दौरान काशीपुर में हाइवे पर कोतवाली क्षेत्र में जिस वाहन से पुलिस कर्मी और सरबजीत आ रहे थे, उसका टायर फट गया और वाहन सड़क से नीचे गिरकर पलट गया।
तीन पुलिस कर्मी भी घटना में घायल हुए
मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी सरबजीत सिंह पुलिस की पिस्टल लेकर गेहूं के खेत में घुस गया। आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्रवाई शुरू की गई। इस कार्रवाई में आरोपी सरबजीत के दोनों पैरों पर गोली लग गई, जबकि तीन पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। सभी को काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा हैं।