लक्ष्य सेन ने जापान में रचा नया इतिहास, Kumamoto Japan Masters 2026 का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने

0
लक्ष्य सेन ने जापान में रचा नया इतिहास, Kumamoto Japan Masters 2026 का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने
लक्ष्य सेन ने जापान में रचा नया इतिहास, Kumamoto Japan Masters 2026 का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने

फाइनल में जापान के कोकी वातानबे को दी शिकस्त

लगातार दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय जीत से बढ़ाया देश का गौरव

CNE REPORTER, अल्मोड़ा। उत्तराखंड की खेल प्रतिभा और भारतीय बैडमिंटन का चमकता सितारा लक्ष्य सेन एक बार फिर विश्व पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में सफल रहे हैं। अल्मोड़ा के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान में आयोजित प्रतिष्ठित Kumamoto Japan Masters 2026 (Super 750) का खिताब अपने नाम कर एक नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ ही वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से न केवल अल्मोड़ा, बल्कि उत्तराखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ा है।


ADVERTISEMENTS

जापान के कुमामोतो शहर स्थित Prefectural Gymnasium में 10 से 15 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लक्ष्य सेन ने शुरू से ही शानदार खेल, जबरदस्त फिटनेस, धैर्य और आक्रामक रणनीति का परिचय दिया। उन्होंने दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए खिताब तक का सफर तय किया।

लक्ष्य का विजय अभियान क्वार्टर फाइनल से ही बेहद प्रभावशाली रहा। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान जापान के युशी तनाका को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में टूर्नामेंट के छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी एल्वी फरहान के खिलाफ लक्ष्य को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। तीन गेम तक चले इस रोमांचक मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी और संयम का परिचय देते हुए 21-12, 12-21, 21-12 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया।

फाइनल में दिखाया चैंपियन वाला दम

खिताबी मुकाबले में लक्ष्य सेन का सामना एक बार फिर मेजबान जापान के खिलाड़ी कोकी वातानबे से हुआ। मुकाबले की शुरुआत में पहला गेम 13-21 से गंवाने के बावजूद लक्ष्य ने असाधारण आत्मविश्वास और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। दूसरे गेम में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को संभलने का मौका तक नहीं दिया और 21-8 से शानदार जीत दर्ज की। निर्णायक तीसरे गेम में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए 21-14 से मुकाबला जीत लिया। इस तरह लक्ष्य ने 13-21, 21-8, 21-14 के स्कोर से फाइनल अपने नाम कर भारतीय बैडमिंटन इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।

World Tour Finals की राह भी हुई मजबूत

इस खिताबी जीत के साथ लक्ष्य सेन को महत्वपूर्ण 9,200 रैंकिंग अंक प्राप्त हुए, जिससे उनके कुल अंक बढ़कर 74,180 हो गए हैं। यह उपलब्धि उन्हें BWF World Tour Finals के लिए विश्व के शीर्ष 8 खिलाड़ियों में स्थान बनाने की दिशा में मजबूत स्थिति में पहुंचाती है। World Tour Finals बैडमिंटन जगत के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल है, जिसमें विश्व के चुनिंदा शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

उल्लेखनीय है कि लक्ष्य सेन अब तक अपने करियर में 15 एकल खिताब जीत चुके हैं, जिनमें 8 BWF World Tour के खिताब शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने Hylo Open का खिताब दूसरी बार जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया था। अब जापान मास्टर्स में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म और विश्वस्तरीय क्षमता का एक बार फिर परिचय दिया है।

बैडमिंटन जगत में खुशी की लहर, लक्ष्य को मिली बधाइयां

लक्ष्य सेन की इस असाधारण उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा एवं रघुनाथ सिंह चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

इसके अलावा जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता एवं राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्जौन, मीडिया प्रभारी डी.के. जोशी, कोषाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, अमरनाथ सिंह रजवार, विजय प्रताप सिंह, शेखर लखचौरा, संजय अग्रवाल, हेम तिवाड़ी सहित उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने भी इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है।

उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी ने बताया कि लक्ष्य सेन की यह उपलब्धि भारतीय बैडमिंटन के लिए बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर साबित किया है कि भारतीय खिलाड़ी विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुनौती देने और बड़े अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने में पूरी तरह सक्षम हैं। जापान मास्टर्स जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार किसी भारतीय खिलाड़ी का विजेता बनना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने लक्ष्य सेन के साथ-साथ उनके माता-पिता और उनके कोच डी.के. सेन को भी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि लक्ष्य भविष्य में भी इसी तरह अपनी मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश एवं उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते रहेंगे।

लक्ष्य सेन की यह सफलता उन हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से निकलकर विश्व खेल मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं। अल्मोड़ा की धरती से निकले इस युवा सितारे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर दुनिया के किसी भी मंच पर तिरंगा बुलंद किया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 14
विज्ञापन 13
विज्ञापन 12
विज्ञापन 11
विज्ञापन 10
विज्ञापन 9
विज्ञापन 8
विज्ञापन 7
विज्ञापन 6
विज्ञापन 5
विज्ञापन 4
विज्ञापन 3
विज्ञापन 2
विज्ञापन 1