चीख-पुकार के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा
मॉक ड्रिल में परखी गई राहत एवं बचाव व्यवस्था
CNE REPORTER, गरमपानी। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में अचानक अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के तेज झटकों के बीच विद्यालय परिसर में भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। मुख्य द्वार पर मलबा गिरने से 22 छात्र-छात्राएं भवन के भीतर फंस गए। किसी की आवाज कक्षा के भीतर से आ रही थी तो कहीं घायल बच्चों को बाहर निकालने की गुहार सुनाई दे रही थी। फर्नीचर और अन्य सामान की चपेट में आकर नौ छात्र-छात्राओं के घायल होने की सूचना ने हालात को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें हरकत में आ गईं और देखते ही देखते विद्यालय परिसर राहत एवं बचाव अभियान का केंद्र बन गया।
घटना की सूचना तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष को दी गई। इसके बाद प्रशासन और खैरना चौकी पुलिस की टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। भवन के भीतर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य को गति दी। एक-एक कर फंसे छात्र-छात्राओं को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
इस दौरान दो बच्चों की हालत गंभीर, तीन के हल्के और चार के मामूली रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। बचाव दल ने गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचाने से लेकर उपचार की व्यवस्था तक विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। पूरे घटनाक्रम में पुलिस और प्रशासन की तत्परता के साथ ही राहत एवं बचाव संसाधनों की कार्यक्षमता भी परखी गई।
मॉक ड्रिल में वास्तविक आपदा जैसे हालात का अभ्यास
दरअसल, राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में शनिवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इसके तहत विद्यालय में भूकंप आने, भवन के मुख्य द्वार पर मलबा गिरने, 22 विद्यार्थियों के भीतर फंसने और नौ के घायल होने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया था। अभ्यास का उद्देश्य यह देखना था कि वास्तविक आपदा की स्थिति में पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल कितनी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य संचालित कर सकते हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। साथ ही आपदा के दौरान उपलब्ध संसाधनों, संचार व्यवस्था और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का भी परीक्षण किया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों के लिए बेहद जरूरी है ऐसी तैयारी
उत्तराखंड का पर्वतीय भूभाग भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में विद्यालयों, सार्वजनिक भवनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आपदा से निपटने की पूर्व तैयारी बेहद महत्वपूर्ण है। खैरना इंटर कॉलेज में आयोजित इस अभ्यास ने यह संदेश दिया कि आपदा के समय केवल संसाधनों की उपलब्धता ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि प्रशिक्षित कार्मिकों की तत्परता, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समय पर लिए गए निर्णय ही जान-माल के नुकसान को कम करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
































