► मेडिकल कालेज में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: आज गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नशीले पदार्थों के खतरों की जानकारी देते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएस भैसोड़ा ने किया।अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. दिपांकर डेनियल ने मेडिकल के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भावी चिकित्सक होने के नाते छात्रों का शारीरिक और मानसिक रूप से नशा मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। समाज को राह दिखाने वाले युवाओं को खुद को नशे के चंगुल से दूर रखना होगा। ड्रग्स का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इससे न केवल व्यक्ति का जीवन प्रभावित होता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
कार्यक्रम में एसओजी नारको टीम की सक्रिय सहभागिता रही। जिसमें एसआई सुनिल धानिक ने नशीले पदार्थों की रोकथाम, कानूनी प्रावधानों एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एएसआई राजेश भट्ट, दीवान बिष्ट, फार्मेसी अधिकारी रवि मिश्रा, कैलाश जोशी, राजीव जोशी, पल्लवी आदि कई लोग शामिल रहे।


