Donald Trump कर तीखा बयान
दावा: जल्द सरेंडर करने वाला है ईरान
अमेरिका–इजराइल और ईरान जंग का 14 वां दिन
नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में जारी अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य टकराव का आज 14वां दिन है। इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान में 47वें राष्ट्रपति के तौर पर कार्यरत Donald Trump ने ईरान को लेकर बेहद कड़ा बयान दिया है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ईरानी शासन से जुड़े लोगों को खत्म करना उनके लिए “बहुत बड़ा सम्मान” है। उन्होंने दावा कि ईरान अब बहुत जल्द सरेंडर करने वाला है।
ट्रम्प ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अमेरिका लगातार ईरान की सरकार को कमजोर करने के लिए कई स्तरों पर कार्रवाई कर रहा है। उनके मुताबिक अमेरिका सैन्य अभियानों के साथ-साथ आर्थिक दबाव बनाकर भी ईरान की ताकत को कम कर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि इन कार्रवाइयों के कारण ईरान की नौसेना और वायुसेना को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। साथ ही ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता को भी तेजी से नष्ट किया जा रहा है। ट्रम्प के अनुसार इस अभियान में ईरान के कई शीर्ष सैन्य और राजनीतिक नेता भी मारे जा चुके हैं।
47 साल के इतिहास का जिक्र
अपने बयान में ट्रम्प ने कहा कि ईरान पिछले करीब 47 वर्षों से दुनिया भर में निर्दोष लोगों की हत्या करता रहा है। उन्होंने लिखा कि अब वह अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ईरान के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रहे हैं।
ट्रम्प ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका की कार्रवाइयों के बावजूद कुछ मीडिया संस्थान वास्तविक स्थिति नहीं दिखा रहे हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स पर निशाना
ट्रम्प ने अमेरिकी अखबार The New York Times की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरानी शासन को सैन्य, आर्थिक और अन्य तरीकों से कमजोर कर रहा है, लेकिन यदि कोई न्यूयॉर्क टाइम्स की खबरें पढ़े तो ऐसा प्रतीत होता है मानो अमेरिका इस संघर्ष में सफल ही नहीं हो रहा।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर को लेकर सनसनीखेज दावे
इसी बीच कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में ईरान के नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei की स्थिति को लेकर चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं।
ब्रिटिश मीडिया आउटलेट The Sun की रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तेहरान के सिना यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह कोमा में हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमले में लगी चोट इतनी गंभीर थी कि उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके अलावा उनके लिवर को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। अस्पताल के जिस हिस्से में उनका इलाज चल रहा है, उसे पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।
खामेनेई की मौत के बाद बने थे नए सुप्रीम लीडर
गौरतलब है कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की 28 फरवरी को मौत हो गई थी। इसके बाद 9 मार्च को उनके बेटे मुजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त किया गया था।
हालांकि ईरान की ओर से अभी तक इन स्वास्थ्य संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मध्य-पूर्व में जारी यह संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।


