➤ अब अल्मोड़ा बालिका सदन की 10 बालिकाओं को मिलेगा सुनहरा भविष्य
➤ नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट एवं उत्तरायण फाउंडेशन की पहल ‘नई उमंग’ बदल रही तकदीर

सीएनई रिपोर्टर, नई दिल्ली: नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली एवं उत्तरायण फाउंडेशन की पहल ‘नई उमंग’ सुख-सुविधाओं से वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह पहल वर्ष 2021 से आरंभ हुई। प्रेरणादायी पहल ‘नई उमंग’ से अब तक 42 बच्चों को नया जीवन-पथ मिला है। जिन्हें सभी सुविधाएं देकर अपने पैरों पर खड़ा करते हुए उनका सुनहरा भविष्य तैयार किया है। इस बाद बालिका सदन अल्मोड़ा से 10 बालिकाओं को नई पहल के तहत लिया गया है, जिनका इंस्टीट्यूट में स्वागत हुआ। (आगे पढ़िये…)

उत्तरायण फाउंडेशन एवं नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ‘नई-उमंग’ पहल के तहत अब तक कुल 42 बच्चों को शिक्षा, आवास, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास का मौका मिल चुका है। उत्तरायण फाउंडेशन के महासचिव एवं हार्ट इंस्टीट्यूट के आईटी विभागाध्यक्ष महिपाल पिलख्वाल ने बताया कि अब तक 12 बच्चों के लिए ‘नई उमंग’ से सुनहरे भविष्य की राह तैयार कर चुका है। इन्होंने पहल के तहत शिक्षा पूरी कर रोजगार प्राप्त कर लिया और आत्मनिर्भर बन चुके हैं, जबकि अन्य 7 बच्चे शिक्षा के अंतिम पड़ाव पर हैं और उम्मीद है कि जल्द ही अपने पैरों पर खड़े होने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना को सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है और उत्तरायण फाउंडेशन और नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट का संयुक्त प्रयास केवल बच्चों के जीवन को संवारने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मानजनक शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का एक सफल एवं प्रेरणादायक मॉडल बना है। (आगे पढ़िये…)
इधर, इस बार बालिका सदन अल्मोड़ा से 10 बालिकाओं को ‘नई उमंग’ के तहत लिया गया। जिनका नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ओपी यादव तथा सह प्रबंध निदेशक डॉ. विनोद शर्मा ने स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि संस्थान बच्चों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा। महासचिव महिपाल पिलख्वाल ने भी बच्चों का स्वागत करते हुए उनके सुखद, सुरक्षित एवं सफल भविष्य की कामना की। इस मौके पर महाप्रबंधक (वित्त) सुरेश कुमार शैली, डॉ. नितिन वैश्य, चंद्रा ज़ाडू, दीप्ति पपनै, नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट पामेला, राजेश कर्णधार, अजय कुमार तथा बालिका सदन, अल्मोड़ा की अधीक्षिका मंजू उपाध्याय एवं उमा बिष्ट भी उपस्थित रहीं। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता की कामना की।



